Palamu: जिले के पाटन थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. जहां गुरुवार की देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं. पाटन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा पदाधिकारी की तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने एक मकान में जा घुसी. इस हादसे में घर के आंगन में सो रहे एक ग्रामीण की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कार चला रहे डॉक्टर भी गंभीर रूप से घायल हो गए है.
प्राप्त विवरण के मुताबिक, पाटन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार अपनी कार (संख्या: जेएच 03 एसी 8251) पर सवार होकर पाटन से मेदिनीनगर की तरफ जा रहे थे. इसी बीच सिक्की गांव के समीप एक तीव्र मोड़ पर रफ्तार तेज होने के कारण वाहन पर से उनका नियंत्रण खो गया. बेकाबू कार सीधे सड़क किनारे स्थित एक घर की दीवार तोड़ती हुई आंगन में जा घुसी, जहां सो रहे विनोद सिंह कार की चपेट में आ गए.

पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है
टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोग और परिजन तुरंत मदद के लिए दौड़े. खून से लथपथ विनोद सिंह को अस्पताल ले जाने के दौरान ही उनकी मौत हो गई. वहीं, क्षतिग्रस्त कार में फंसे डॉ. मिथिलेश कुमार को ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया. हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए. बताया जा रहा है कि मृतक विनोद सिंह पेशे से ऑटो चालक थे और अपने परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे, जिससे उनके जाने के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.
पाटन थाना प्रभारी ने क्या कहा...
इस हृदयविदारक घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने बैरिया-पाटन मुख्य मार्ग को सिक्की गांव के पास पूरी तरह जाम कर दिया. लगभग एक घंटे से अधिक समय तक सड़क पर आवागमन बाधित रहा. बाद में प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया, जिसके बाद ही सड़क से जाम हटाया जा सका और वाहनों का परिचालन दोबारा शुरू हुआ. शुक्रवार की सुबह पाटन थाना प्रभारी अनिल कुमार विद्यार्थी ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि चिकित्सा पदाधिकारी की कार से यह हादसा हुआ है, जिसमें एक स्थानीय नागरिक की जान चली गई है. घायल डॉक्टर का अस्पताल में उपचार चल रहा है. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया है और मामले की सघन जांच की जा रही है. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है.
ALSO READ: खोरठा के साहित्यकार, कवि गायक सुकुमार ने झारखंड पहुंचने से पहले भुवनेश्वर में तोड़ा दम
