Ranchi: झारखंड के लोहरदगा जेल में विचाराधीन कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. मृतक कैदी की पहचान जाहिद पावरिया के रूप में की गई है. इस घटना के बाद से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है, वहीं मृतक के परिजनों ने जेल प्रबंधन और विरोधियों पर हत्या का संगीन आरोप लगाते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है. मिली जानकारी के अनुसार, जाहिद पावरिया को पुलिस ने कुछ समय पहले शादी का झांसा देने के मामले में गिरफ्तार किया था. अदालत के निर्देश पर उसे न्यायिक हिरासत में लोहरदगा जेल भेजा गया था. परिजनों का कहना है कि जाहिद के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया चल रही थी और इसी महीने उसे अदालत से जमानत मिलने वाली थी. वे उसकी रिहाई की तैयारियों में जुटे थे, लेकिन इसी बीच उसकी मौत की खबर आ गई.
जेल प्रशासन के अधिकारी मामले की तफ्तीश में जुटे
कैदी की मौत की खबर मिलते ही जाहिद के परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों ने जेल प्रशासन के दावों को पूरी तरह खारिज करते हुए इसे सीधे तौर पर हत्या का मामला करार दिया है. उनका आरोप है कि जाहिद को जेल के अंदर एक सोची-समझी साजिश के तहत मौत के घाट उतारा गया है. परिवार वालों का कहना है कि जो व्यक्ति कुछ ही दिनों में जेल से बाहर आने वाला था, उसकी अचानक मौत सामान्य नहीं हो सकती. घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए स्थानीय पुलिस और जेल प्रशासन के आला अधिकारी मामले की तफ्तीश में जुट गए हैं. प्रशासन का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जेल के भीतर लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है. यदि इस मामले में किसी की लापरवाही या संलिप्तता सामने आती है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
