चाईबासा : किसानों को समय पर खाद-उर्वरक उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता, कालाबाजारी पर होगी सख्त कार्रवाई – DC

Chaibasa : डीसी DC मनीष कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया. बैठक में किसानों को समय...

DC मनीष कुमार

Chaibasa : डीसी DC मनीष कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया. बैठक में किसानों को समय पर खाद एवं उर्वरक उपलब्ध कराने, धान अधिप्राप्ति की पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने, बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाने समेत अन्य मुद्दों पर चर्चा की गयी. बैठक को संबोधित करते हुए डीसी DC मनीष कुमार ने कहा कि खरीफ मौसम के दौरान किसानों को किसी भी परिस्थिति में खाद एवं उर्वरक की कमी का सामना नहीं करना पड़े. उन्होंने सभी लैंपस को अपने-अपने क्षेत्रों में मांग के अनुरूप पर्याप्त मात्रा में खाद का भंडारण सुनिश्चित करने और किसानों को निर्धारित दर पर गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने के निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि कृषि कार्य के महत्वपूर्ण समय में कृत्रिम अभाव या आपूर्ति में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

लैंपस गोदामों की स्थिति का लिया जायजा

इस दौरान डीसी DC मनीष कुमार ने वभिन्न लैंपस गोदामों की वर्तमान स्थिति एवं भंडारण क्षमता की भी विस्तृत समीक्षा की. उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आगामी धान अधिप्राप्ति सत्र को ध्यान में रखते हुए अभी से गोदामों की क्षमता बढ़ाने, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और जहां आवश्यकता हो वहां समय रहते सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं. उन्होंने कहा कि धान अधिप्राप्ति के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए और किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.

खाद और उर्वरक की कालाबाजारी पर लगे रोक

बैठक में खाद एवं उर्वरक की कालाबाजारी और निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बिक्री के मामलों को गंभीरता से लिया गया. डीसी DC ने स्पष्ट निर्देश दिया कि अगर किसी भी विक्रेता द्वारा अधिक मूल्य पर खाद बेचने या कृत्रिम अभाव उत्पन्न करने की शिकायत प्राप्त होती है तो उसके विरुद्ध तत्काल नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए. उन्होंने कहा कि किसानों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा.

निरीक्षण दल गठित कर की जायें कार्रवाई

जिला स्तर पर विशेष निरीक्षण दल गठित कर खाद एवं उर्वरक दुकानों का नियमित निरीक्षण करने का निर्देश भी दिया. निरीक्षण के दौरान स्टॉक, बिक्री रजिस्टर, मूल्य सूची, लाइसेंस एवं अन्य आवश्यक अभिलेखों की जांच की जाएगी. अनियमितता पाए जाने पर संबंधित विक्रेता के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

फसल बीमा योजना का लाभ पात्र किसानों तक पहुंचे

बैठक में बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की भी समीक्षा की गई. डीसी DC ने बीमा कंपनी के प्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजना का लाभ सभी पात्र किसानों तक पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचे. उन्होंने किसानों को योजना के प्रति जागरूक करने, पंजीकरण प्रक्रिया को सरल बनाने और बीमा से संबंधित सभी प्रावधानों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने पर बल दिया.

ये रहे मौजूद

बैठक में उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी अमरजीत कुजूर, जिला सहकारिता पदाधिकारी अमिता कुमारी, सीएससी मैनेजर, बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के लिए चयनित बीमा कंपनी के प्रतिनिधि, जिले के सभी लैंपस के अध्यक्ष, सचिव और खाद एवं उर्वरक विक्रेता उपस्थित रहे.

 

ALSO READ : असम बाढ़ : AASU की मांग – केंद्र सरकार दें राहत पैकेज, PM और गृहमंत्री करें क्षेत्र का दौरा

 

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *