Palamu : नीलांबर-पीतांबरपुर प्रखंड कार्यालय परिसर में इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी के बीच जेएसएलपीएस से जुड़ी महिला समूह की दीदियों ने मानवता और सेवा भाव की एक अनोखी मिसाल पेश की है. तेज धूप और झुलसा देने वाली गर्म हवाओं के कारण जहां आम लोग परेशान हैं, वहीं महिला समूह की ओर से कार्यालय परिसर में प्याऊ घड़ा लगाकर राहगीरों, ग्रामीणों, बुजुर्गों एवं कर्मचारियों के लिए ठंडे पानी की व्यवस्था की गई है. गर्मी से बेहाल लोग जब इस प्याऊ तक पहुंचकर ठंडा पानी पीते हैं तो उनके चेहरे पर राहत और संतोष साफ दिखाई देता है.

भीषण गर्मी में लोगों को मिल रही राहत
प्रखंड कार्यालय में प्रतिदिन दूर-दराज गांवों से बड़ी संख्या में लोग अपने कार्यों के लिए पहुंचते हैं. कई लोग घंटों धूप में सफर कर कार्यालय आते हैं. ऐसे में महिला समूह की यह छोटी-सी पहल लोगों के लिए बड़ी राहत बन गई है. लोगों ने कहा कि इस भीषण गर्मी में ठंडे पानी का एक घूंट किसी अमृत से कम नहीं लग रहा.
मौके पर मौजूद बीपीएम सत्यप्रिये तिवारी ने कहा कि जरूरतमंद और प्यासे लोगों को पानी पिलाना सबसे बड़ा पुण्य का कार्य है. उन्होंने महिला समूह के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि आज समाज को ऐसे ही संवेदनशील और सेवा भाव रखने वाले लोगों की जरूरत है. उन्होंने कहा कि जेएसएलपीएस की महिलाएं केवल आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का कार्य नहीं कर रहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारियों को भी पूरी निष्ठा से निभा रही हैं.
ALSO READ: पीएम आवास के लाभार्थियों को अब तक नहीं मिली चाबी, सरयू राय ने दी अनशन की चेतावनी
महिला समूह की पहल की हुई सराहना
इस अवसर पर उमा देवी, सहीना बानो, अंजू देवी, सविता देवी, इंदु बाला देवी, पायल वर्मा, अनीश कुमार सहित दर्जनों लोग उपस्थित रहे. सभी ने महिला समूह के इस मानवीय कार्य की जमकर प्रशंसा की और इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया.
