हजारीबाग में पार्टनरशिप के नाम पर 8.50 लाख की ठगी का आरोप, तीन पर प्राथमिकी दर्ज

Hazaribagh : बरही थाना क्षेत्र में पोकलेन मशीन पार्टनरशिप के नाम पर 8 लाख 50 हजार रुपये की कथित ठगी का मामला...

Hazaribagh : बरही थाना क्षेत्र में पोकलेन मशीन पार्टनरशिप के नाम पर 8 लाख 50 हजार रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है. इस मामले में कोडरमा जिले के खरकोटा गांव निवासी दो सगे भाइयों ने बरही थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है. पुलिस ने आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

पार्टनरशिप के नाम पर ली गई रकम

भुक्तभोगियों ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि बरही थाना क्षेत्र के ओरपरता गांव निवासी मनोज यादव, दिनेश यादव एवं विजय यादव (तीनों पिता- गुलाबचन्द यादव) ने 1 दिसंबर 2024 को पोकलेन मशीन पार्टनरशिप में खरीदने का प्रस्ताव दिया था. आरोप है कि इसी भरोसे पर उनसे कुल 8 लाख 50 हजार रुपये चेक एवं यूपीआई के माध्यम से लिए गए.

छह महीने तक टालते रहे आरोपित

पीड़ित भाइयों के अनुसार, रकम लेने के बाद आरोपित लगातार पार्टनरशिप डीड तैयार कराने का आश्वासन देते रहे. करीब छह महीने तक वे अलग-अलग बहाने बनाकर मामले को टालते रहे. बाद में आरोपितों ने पैसा लौटाने के लिए 1 मार्च से 15 मार्च 2026 तक का समय मांगा, लेकिन तय अवधि बीत जाने के बाद भी न तो रकम वापस की गई और न ही किसी प्रकार का स्पष्ट जवाब दिया गया.

पैसे मांगने पहुंचे तो मिली धमकी

आवेदन में यह भी कहा गया है कि 2 अप्रैल 2026 को जब दोनों भाई अपने पैसे की मांग को लेकर आरोपितों के घर पहुंचे, तो मनोज यादव और विजय यादव ने उनके साथ गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी दी. इसके बाद पीड़ितों ने बरही थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई.

पुलिस ने शुरू की जांच

इधर, बरही थाना पुलिस ने आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Also Read : हजारीबाग: हल्की बारिश में हाईवे बना तालाब, सिंघानी में जलजमाव से राहगीर बेहाल

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *