Hazaribagh: समाज कल्याण विभाग, हजारीबाग द्वारा शुक्रवार को “माहवारी स्वच्छता दिवस 2026” के अवसर पर किशोरी बालिकाओं के लिए एक दिवसीय उन्मुखीकरण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम सदर परियोजना अंतर्गत प्रखंड सभागार में आयोजित हुआ, जिसमें सदर शहरी एवं सदर ग्रामीण क्षेत्र की बड़ी संख्या में किशोरियों ने भाग लिया.
जानकारी देकर भ्रांतियों को दूर करने पर जोर
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किशोरियों को माहवारी एवं मासिक धर्म स्वच्छता से जुड़ी सही जानकारी उपलब्ध कराना, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक बनाना तथा समाज में फैली भ्रांतियों और मिथकों को दूर करना था. कार्यक्रम के दौरान किशोरियों को खुलकर अपनी समस्याएं और अनुभव साझा करने के लिए प्रोत्साहित किया गया.

कई प्रखंडों में भी हुआ आयोजन
बड़कागांव, कटकमसांडी, चुरचू, सदर और डाडी प्रखंडों में भी आयोजित किया गया. उन्मुखीकरण सत्र में किशोरियों को किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक परिवर्तनों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई. इसके साथ ही मासिक धर्म, मासिक चक्र, माहवारी के दौरान व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित पोषण, सैनिटरी पैड के सुरक्षित उपयोग एवं निस्तारण, संक्रमण से बचाव तथा मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा की गई.
जिला समाज कल्याण पदाधिकारी ने दिया संदेश
कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती शिप्रा सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं. उन्होंने कहा कि किशोरियों के स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और जागरूकता के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम अत्यंत आवश्यक हैं. उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया कि ऐसे कार्यक्रम प्रत्येक माह सभी प्रखंड, पंचायत और ग्रामीण स्तर पर आयोजित किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक किशोरियों तक जागरूकता पहुंचाई जा सके. उन्होंने बाल विवाह, डायन कुप्रथा, बाल मजदूरी और बाल हिंसा जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति भी जागरूक रहने का संदेश दिया. साथ ही 181 एवं 1098 जैसे टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए किशोरियों से किसी भी प्रकार की हिंसा या समस्या के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की.
उत्कृष्ट प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली किशोरियों को जिला समाज कल्याण पदाधिकारी द्वारा गिफ्ट हैंपर देकर सम्मानित किया गया. इस अवसर पर सदर ग्रामीण एवं सदर शहरी के बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, महिला पर्यवेक्षिकाएं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताएं, अभिनव कुमार, आदित्य कुमार सहित कई अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे. सभी ने किशोरी बालिकाओं के बेहतर स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए निरंतर सामूहिक प्रयास जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की.
AlsoRead:रांची: चुटिया थाने की पुलिस ने ब्राउन शुगर किया बरामद, पैडलर गिरफ्तार
