Ranchi : खूंटी और जमशेदपुर से शनिवार सुबह दो सनसनीखेज खबरें सामने आई हैं. पहली घटना खूंटी जिले की है, जहां एक युवक का शव पेड़ से लटकता हुआ पाया गया. वहीं दूसरी घटना जमशेदपुर की है, जहां नदी से एक 16 वर्षीय किशोर का शव बरामद हुआ है. दोनों ही मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
खूंटी : मुरहू-तपकारा रोड पर कटहल के पेड़ से लटका मिला युवक का शव
खूंटी के मुरहू थाना क्षेत्र स्थित मुरहू-तपकारा मुख्य पथ से ओस्केया जाने वाली सड़क के किनारे शनिवार सुबह एक युवक का शव फंदे से लटकता हुआ देखा गया. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब पांच बजे जब ओस्केया और आसपास के ग्रामीण बनई नदी की ओर जा रहे थे, तभी उनकी नजर सड़क किनारे एक कटहल के पेड़ पर पड़ी. पेड़ से एक युवक का शव फंदे के सहारे लटक रहा था. देखते ही देखते यह खबर पूरे इलाके में फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई. घटनास्थल पर जांच के दौरान मृतक की चप्पलें पेड़ के ठीक नीचे मिलें. ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय मुरहू थाना पुलिस को दी. पुलिस मामले को आत्महत्या और हत्या दोनों एंगल से जोड़कर देख रही है.
जमशेदपुर : खरकई नदी से निकाला गया किशोर, किनारे लाते ही थम गईं सांसें
दूसरी घटना जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र से सामने आई है. जहां बड़ौदा घाट के पास शनिवार सुबह खरकई नदी से एक अज्ञात किशोर का शव बरामद किया गया है. मृतक की उम्र लगभग 16 वर्ष के आसपास बताई जा रही है. शनिवार की सुबह हमेशा की तरह कुछ स्थानीय लोग बड़ौदा घाट पर खरकई नदी में स्नान करने पहुंचे थे. इसी दौरान उनकी नजर पानी में तैर रहे एक किशोर पर पड़ी. स्थानीय लोगों ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए तुरंत नदी में छलांग लगाई और किशोर को पानी से बाहर निकालकर किनारे पर लायें.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जब किशोर को नदी से बाहर निकाला गया, तब उसकी सांसें चल रही थीं. घाट पर मौजूद लोगों ने प्राथमिक उपचार देकर उसकी जान बचाने की हरसंभव कोशिश की, लेकिन दुर्भाग्यवश कुछ ही मिनटों के भीतर उसकी सांसें थम गईं और उसने दम तोड़ दिया. घटना की सूचना मिलते ही बागबेड़ा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फिलहाल किशोर की शिनाख्त नहीं हो पाई है और पुलिस आस पास के थानों से लापता बच्चों के रिकॉर्ड खंगाल रही है.
ALSO READ : Emergency Call Box : आपातकालीन सूचना तंत्र बना कबाड़, बटन दबाते कंट्रोल रूम से होता संपर्क



