Giridih : पचंबा क्षेत्र के लोगों की वर्षों पुरानी मांग अब पूरी होने की ओर बढ़ गई है. सलैया रेलवे स्टेशन रोड के चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण एवं पुनर्निर्माण कार्य के लिए रेलवे विभाग ने अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी कर दिया है. इसके साथ ही लंबे समय से लंबित सड़क निर्माण परियोजना का रास्ता साफ हो गया है.
सांसद के हस्तक्षेप के बाद रेलवे ने जारी की एनओसी
जानकारी के अनुसार, सड़क निर्माण में रेलवे भूमि से संबंधित तकनीकी अड़चनें आ रही थीं, जिसके कारण परियोजना आगे नहीं बढ़ पा रही थी. इस समस्या को लेकर स्थानीय नागरिकों एवं युवाओं ने लगातार आवाज उठाई. पूर्व रेलवे के जेडआरयूसीसी सदस्य एवं समाजसेवी मुकेश कुमार जालान ने मामले को केंद्रीय मंत्री एवं कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी के समक्ष रखा. सांसद के हस्तक्षेप के बाद धनबाद मंडल रेलवे प्रशासन ने मामले पर कार्रवाई करते हुए सड़क निर्माण के लिए आवश्यक एनओसी जारी कर दी.


सलैया रेलवे स्टेशन रोड के चौड़ीकरण को मिली मंजूरी
सलैया रेलवे स्टेशन रोड गिरिडीह-जमुआ तथा पचंबा-जमुआ मार्ग को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है. सड़क की जर्जर स्थिति के कारण प्रतिदिन हजारों लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता था. अब सड़क के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण से यातायात व्यवस्था बेहतर होगी तथा क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलेगी. एनओसी जारी होने की सूचना मिलते ही क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई. समाजसेवी मुकेश कुमार जालान ने सांसद अन्नपूर्णा देवी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह क्षेत्र की जनता के संघर्ष, एकजुटता और जनसहभागिता की बड़ी जीत है.

Also Read : गिरिडीह में कोयला माफियाओं का आतंक,चलती मालगाड़ियों को बना रखा है लूट का अड्डा, प्रशासन मौन
