Seraikela: उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय नीमडीह का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय परिसर, विभिन्न शाखाओं, अभिलेखों के संधारण, राजस्व संबंधी कार्यों, लंबित मामलों एवं आमजनों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की समीक्षा की.

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने पदाधिकारियों एवं कर्मियों को समयबद्ध, पारदर्शी और जवाबदेह तरीके से कार्य निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि आम नागरिकों से जुड़े मामलों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन किया जाए तथा अनावश्यक विलंब और लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी.

राजस्व एवं भूमि मामलों की हुई समीक्षा
उपायुक्त ने दाखिल-खारिज, परिमार्जन, राजस्व वसूली, भूमि संबंधी मामलों एवं अन्य अंचल स्तरीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने विभिन्न पंजियों का अवलोकन किया और लंबित दाखिल-खारिज वादों को अभियान चलाकर 15 दिनों के भीतर निष्पादित करने का निर्देश अंचल अधिकारी को दिया. साथ ही ऑनलाइन म्यूटेशन आवेदनों को बिना ठोस कारण लंबित नहीं रखने की हिदायत दी.
उन्होंने कार्यालय परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने, अभिलेखों का व्यवस्थित रख-रखाव करने तथा बायोमेट्रिक उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए. उपायुक्त ने कहा कि सभी कर्मी निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंचे और आम जनता के साथ शिष्ट व्यवहार करें.
ALSO READ: बोकारो में महिला की हत्या के विरोध में 31 मई को बोकारो बंद : आदित्य साहू
जन शिकायतों के त्वरित समाधान के निर्देश
नितिश कुमार सिंह ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया कि प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को जनता दरबार लगाकर लोगों की समस्याएं सुनें और उनका ऑन द स्पॉट समाधान करें. उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यह सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है. निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी चांडिल एवं अन्य प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे.
