Hazaribagh : एनटीपीसी के अधीन कार्य कर रही एलएनटी कंपनी के मजदूरों को लेकर जा रही एक बस बड़े हादसे का शिकार होते होते बच गयी. दरअसल शनिवार देर रात केरेडारी परियोजना क्षेत्र में बस मजदूरों को लेकर जा रही थी. तभी लोहे का रॉड बस के सामने शीशा में घुस गया. हादसा इतना जोरदार था कि बस के सामने का शीशा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी मजदूर सुरक्षित बच गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विजय बस मजदूरों को लेकर परियोजना क्षेत्र की ओर जा रही थी. इसी दौरान सड़क किनारे या निर्माण कार्य से संबंधित एक लंबा लोहे का रॉड अचानक बस के सामने वाले हिस्से में घुस गया. रॉड सीधे विंडशील्ड को तोड़ते हुए बस के अंदर तक पहुंच गया. जिससे कुछ देर के लिए अफरा तफरी मच गयी.

चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
बताया जा रहा है कि घटना के समय बस में बड़ी संख्या में मजदूर सवार थे. यदि रॉड थोड़ी भी अलग दिशा में प्रवेश करता तो कई लोगों की जान जोखिम में पड़ सकती थी. चालक की सतर्कता और किस्मत से बस अनियंत्रित नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया.
जांच और सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद परियोजना क्षेत्र में सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि भारी निर्माण कार्य वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को और सख्त किए जाने की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. फिलहाल घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. संबंधित अधिकारियों द्वारा मामले की जानकारी जुटाई जा रही है. साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है.
ALSO READ : गुमला : एक साथ तीन घर में चोरी, लाखों के जेवर और नकदी ले भागे अपराधी
