Ranchi: बेरमो की अनीता देवी हत्याकांड को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है. भाजपा के आरोपों पर कांग्रेस ने तीखा जवाब देते हुए कहा है कि भाजपा संवेदनशील मामले पर राजनीति कर रही है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के बजाय इसे राजनीतिक हथियार बना रही है. प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने भाजपा प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाऊरी के आरोपों को निराधार, तथ्यहीन और दुर्भावनापूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि जिस भाजपा को आज कानून-व्यवस्था की चिंता हो रही है, वही दलितों, आदिवासियों और महिलाओं पर होने वाले अत्याचारों पर अक्सर चुप रहती है. कांग्रेस ने दावा किया कि अनीता देवी मामले में राज्य सरकार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है और जांच जारी है. पार्टी ने कहा कि जांच में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आने पर उसके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें: चाईबासा: वन पट्टा से वंचित 190 गांवों के ग्रामीणों ने उठाई आवाज, मूलभूत सुविधाओं की मांग तेज
क्या भाजपा को न्यायिक प्रक्रिया और कानून के शासन पर भरोसा नहीं?
राकेश सिन्हा ने भाजपा पर जांच पूरी होने से पहले लोगों को दोषी ठहराने का आरोप लगाते हुए पूछा कि क्या भाजपा को न्यायिक प्रक्रिया और कानून के शासन पर भरोसा नहीं है. उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को “बंधुआ मजदूर” कहे जाने को भी संवैधानिक संस्थाओं का अपमान बताया. कांग्रेस ने कहा कि भाजपा के पास जनता के बीच उठाने के लिए कोई ठोस जनहित का मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह हर संवेदनशील घटना पर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है. पार्टी ने अनीता देवी के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.
यह भी पढ़ें: रांची: जमीन का फर्जी मालिक बनकर बिल्डर से 1.75 करोड़ की ठगी, प्राथमिकी दर्ज
