Ranchi: जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के पुंदाग में फर्जी कागजातों के सहारे जमीन का असली मालिक बनकर एक बिल्डर से पौने दो करोड़ रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है. इस संबंध में ओम शांति डेवलपर्स के पार्टनर सुधांशु नारायण वर्मा की शिकायत पर जालसाजी और ठगी के आरोपी जेम्स कुमार कश्यप के खिलाफ जगन्नाथपुर थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.

यह भी पढ़ें: बेरमो: पेंक नारायणपुर गोलीकांड में साढ़े चार माह बाद भी पुलिस खाली हाथ, कार्यप्रणाली पर उठने लगे सवाल
विवादित जमीन को सही बता कर 2019 में किया था एग्रीमेंट
दर्ज प्राथमिकी में बताया गया है कि आरोपी जेम्स कुमार कश्यप ने पुंदाग में 64 डिसमिल जमीन को अपना बताते हुए 19 जनवरी 2019 को ओम शांति डेवलपर्स के साथ एग्रीमेंट किया था. राज किशोर रेसीडेंसी बनाने के लिए एग्रीमेंट किया गया था. आरोपी ने लिखित रूप से भरोसा दिया था कि जमीन पूरी तरह से सही और कर्ज मुक्त है. बिल्डर ने उस पर भरोसा कर रांची नगर निगम से नक्शा पास कराया और एयरपोर्ट अथॉरिटी से एनओसी भी ले ली.
साल 2009 से चल रहा था केस, पिता थे पक्षकार
बिल्डर सुधांशु नारायण वर्मा ने प्राथमिकी में बताया है कि वे इस प्रोजेक्ट में करीब पौने दो करोड़ रुपये का निवेश कर चुके थे. इसी बीच 14 अप्रैल 2022 को पुंदाग ओपी प्रभारी ने कोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए निर्माण कार्य रोक दिया. छानबीन करने पर पता चला कि उक्त जमीन पर वर्ष 2009 से ही दीवानी मुकदमा (P.S 84/2009) चल रहा था, जिसका फैसला 2017 में जेम्स कुमार कश्यप के पिता राज किशोर साहू के खिलाफ आ चुका था. इसके बाद मामला झारखंड हाईकोर्ट (FA-427 of 2018) में लंबित था, जिसे आरोपी ने जानबूझकर छिपाया.
यह भी पढ़ें: चाईबासा: आर्थिक आत्मनिर्भरता की मिसाल बनीं रूदमा नायक, उद्यान कार्यालय व JSLPS के सहयोग से बदली जीवन की दिशा
सरकार और RRDA को भी लगाया चूना
शिकायत में यह भी आरोप है कि आरोपी जेम्स कुमार कश्यप ने न केवल बिल्डर को ठगा, बल्कि मालिकाना हक न होने के बावजूद फर्जी दस्तावेजों के आधार पर 06 जुलाई 2020 को रांची क्षेत्रीय विकास प्राधिकार (RRDA) के पक्ष में 0.78 डिसिमल जमीन का गिफ्ट डीड भी बना दिया. प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
