Hazaribagh: चुरचू थाना क्षेत्र के बोदरा-बाली मुख्य मार्ग पर रविवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर मुआवजे तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.

मृतक की पहचान बोदरा निवासी 26 वर्षीय आकाश हांसदा के रूप में हुई है. वहीं हादसे में घायल राजेंद्र बास्के को पहले सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रांची रेफर कर दिया गया. स्थानीय लोगों के अनुसार, कथित अवैध कोयला लदे ट्रक ने स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी और काफी दूर तक घसीटता ले गया. हादसा इतना भयावह था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई.
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना से नाराज ग्रामीणों ने ट्रक के पहियों की हवा निकाल दी और शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया. प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा, घायल के बेहतर इलाज और अवैध कोयला परिवहन में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
ALSO READ: आम आदमी बनकर रांची की सड़कों पर निकलें CM हेमंत सोरेन, विधि व्यवस्था की ली जानकारी
