Palamu: हुसैनाबाद के जपला-छतरपुर मुख्य सड़क पर गम्हरिया गांव के पास सोमवार को एक अनियंत्रित बोरवेल ट्रक और ऑटो के बीच जोरदार टक्कर हो गई. इस दर्दनाक हादसे में गोरयाथान निवासी एक वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. टक्कर इतनी भयानक थी कि एक व्यक्ति का पैर कटकर शरीर से अलग हो गया. ऑटो में दो बच्चों समेत कुल आठ लोग सवार थे, जिनमें से दोनों बच्चों को भी चोटें आई है. दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद भेजा गया. घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद दो लोगों को बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर रेफर कर दिया गया है.

मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव के साथ सड़क जाम कर दिया है. ग्रामीण मौके पर बोरवेल ट्रक के मालिक को बुलाने और उचित मुआवजे की मांग पर अड़े हुए है. जाम की सूचना मिलते ही नगर पंचायत अध्यक्ष अजय कुमार भारती, राजद के प्रदेश महासचिव रवि यादव, अंचल अधिकारी (CO) पंकज कुमार और थाना प्रभारी चंदन कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को समझाने-बुझाने और जाम हटाने का प्रयास लगातार जारी है, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर फिलहाल डटे हुए है.
ALSO READ: JSFDA में जॉइंट डायरेक्टर चयन प्रक्रिया पर उठे सवाल, साक्षात्कार रद्द करने की मांग
