Ranchi : देश की सबसे बड़ी अदालत यानी सुप्रीम कोर्ट को पांच नये जज मिल गए हैं. केंद्र सरकार ने सोमवार को चार हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीशों और सुप्रीम कोर्ट की वरिष्ठ अधिवक्ता वी. मोहना को सुप्रीम कोर्ट का जज नियुक्त करने की मंजूरी दे दी. इसकी जानकारी केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने दी. हाल ही में सुप्रीम कोर्ट में जजों की संख्या 34 से बढ़ाकर 38 की गई थी. अब इन पांच नई नियुक्तियों के बाद सुप्रीम कोर्ट में कुल 37 जज हो गए हैं.

वी मोहना 12 वीं महिला जज
इन नियुक्तियों में सबसे ज्यादा चर्चा वी. मोहना की हो रही है. जस्टिस इंदु मल्होत्रा के बाद वह देश की दूसरी ऐसी महिला वकील बन गई है, जिन्हें सीधे सुप्रीम कोर्ट का जज बनाया गया है. इसके साथ ही वह सुप्रीम कोर्ट के इतिहास की 12वीं महिला जज भी होंगी.
वी. मोहना तमिलनाडु के कोयंबटूर की रहने वाली हैं. उन्होंने साल 1988 में कानून की पढ़ाई पूरी की थी और सुप्रीम कोर्ट में कई बड़े मामलों में पैरवी कर चुकी हैं. इनमें सेना में महिला अधिकारियों को स्थायी कमीशन, वरिष्ठ नागरिकों के संपत्ति अधिकार और कर्नाटक हिजाब विवाद जैसे चर्चित मामले शामिल हैं.
अन्य चार जज हाईकोर्ट से
वी. मोहना के अलावा चार हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीशों को भी सुप्रीम कोर्ट भेजा गया है. इनमें पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस शील नागू, बॉम्बे हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस श्री चंद्रशेखर, मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजीव सचदेवा और जम्मू कश्मीर एवं लद्दाख हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस अरुण पल्ली शामिल हैं. जानकारी हो कि एस चंद्रशेखर ने झारखंड हाईकोर्ट में भी अपना योगदान दिया है.
बताया जा रहा है कि इन सभी नामों की सिफारिश पहले सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने केंद्र सरकार को भेजी थी. जिसके बाद अब नियुक्ति को मंजूरी दी गई है.
ALSO READ : रेल यात्री ध्यान दें ! राजधानी और नीलांचल एक्सप्रेस रहेंगी प्रभावित, कई ट्रेनों के समय में बदलाव
