Ranchi : जिला प्रशासन की ओर से 17वें पेंशन दरबार सह सेवानिवृत्ति कार्यक्रम का आयोजन किया गया. आयोजन सोमवार को डीसी कार्यालय में किया गया. जिसमें जिला के रिटायर शिक्षकों को सम्मानित कर विदाई दी गयी. समारोह की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि एक शिक्षक का योगदान किसी पद या कार्यकाल से नहीं मापा जा सकता. शिक्षक अपने ज्ञान, संस्कार और मार्गदर्शन से पीढ़ियों का निर्माण करते हैं और समाज को बेहतर भविष्य प्रदान करते हैं. शिक्षक सिर्फ छात्रों को पढ़ाते नहीं है. बल्कि उनके सपनों को आकार देते है. उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति जीवन की सक्रिय यात्रा का अंत नहीं, बल्कि अनुभवों के नए अध्याय की शुरुआत है.

300 से अधिक शिक्षकों और कर्मियों को मिल चुका सम्मान
जनवरी 2026 से शुरू हुए इस विशेष कार्यक्रम के माध्यम से अब तक 300 से अधिक शिक्षक और सरकारी कर्मचारी सम्मानित हुए है. पेंशन संबंधी समस्याओं के समाधान के साथ साथ उन्हें सम्मानजनक विदाई देने की यह व्यवस्था सेवानिवृत्त कर्मियों के लिए यादगार साबित हो रही है.
