Jamtada:नारायणपुर थाना क्षेत्र के पबिया पंचायत अंतर्गत कासियाटांड़ रेलवे स्टेशन हॉल्ट के समीप रविवार रात चोरों ने दो राशन दुकानों को निशाना बनाते हुए चोरी की घटना को अंजाम दिया. घटना की जानकारी सोमवार सुबह उस समय हुई, जब दुकानदार रोज की तरह अपनी दुकान खोलने पहुंचे.

पीड़ित दुकानदार कासियाटांड़ निवासी विनोद मंडल और बालेश्वर मंडल ने बताया कि उनकी दुकानों की छावनी काटकर अंदर प्रवेश किया गया और चोरी की गई. चोरों ने दुकान के भीतर रखे सामान को खंगालते हुए जरूरी वस्तुओं पर हाथ साफ कर दिया. हालांकि चोरी गए सामान की पूरी जानकारी अभी जुटाई जा रही है.
दुकानदारों ने जल्द कारवाई की मांग की
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं पहले भी बाजार क्षेत्र में हो चुकी हैं, लेकिन अब तक पुलिस की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं होने से चोरों का मनोबल बढ़ा हुआ है. दुकानदारों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्ती बढ़ाई जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके.
