Ranchi: राज्य सरकार के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए देवघर एवं दुमका जिले के सदर अस्पतालों और मेडिकल अस्पतालों के संचालन, दवा खरीद, चिकित्सा सामग्री एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए 4 करोड़ 8 लाख रुपये की राशि आवंटित की है. इस संबंध में विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने आवंटन आदेश जारी किया है.

आदेश के अनुसार यह राशि मुख्य शीर्ष 2210-चिकित्सा एवं लोक स्वास्थ्य, 01-शहरी स्वास्थ्य सेवाएं (एलोपैथी), 110-अस्पताल एवं औषधालय मद के अंतर्गत उपलब्ध कराई गई है. आवंटित राशि का उपयोग अस्पतालों में दवा, चिकित्सा सामग्री, कार्यालय व्यय, उपकरण, ईंधन एवं अनुरक्षण सहित विभिन्न आवश्यक मदों में किया जाएगा.
किस जिले को कितनी राशि मिली
दुमका
- कार्यालय व्यय – 10 लाख
- चिकित्सा सामग्री – 10 लाख
- चिकित्सीय आपूर्ति – 50 लाख
- मोटर वाहन ईंधन एवं मरम्मती – 8 लाख
- कुल – 78 लाख
देवघर
- कार्यालय व्यय – 15 लाख
- कार्यालय उपकरण – 50 लाख
- चिकित्सा सामग्री – 50 लाख
- चिकित्सीय आपूर्ति – 2 करोड़
- मोटर वाहन ईंधन एवं मरम्मती – 15 लाख
- कुल – 3 करोड़ 30 लाख
दोनों जिलों के लिए कुल आवंटन
- कार्यालय व्यय – 25 लाख
- कार्यालय उपकरण – 50 लाख
- चिकित्सा सामग्री – 60 लाख
- चिकित्सीय आपूर्ति – 2 करोड़ 50 लाख
- मोटर वाहन ईंधन एवं मरम्मती – 23 लाख
- कुल – 4 करोड़ 8 लाख
ALSO READ: पोस्टिंग के इंतजार में IPS, कई अधिकारी हुए प्रतिनियुक्ति पर कई जाने की तैयारी में
दवा खरीद को लेकर सरकार के सख्त निर्देश
- आवश्यक एवं मौसमी बीमारियों की दवाओं को प्राथमिकता दी जाए.
- सांप काटने और कुत्ता काटने की दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए.
- खरीदी जाने वाली दवाओं का कम से कम 80 प्रतिशत शेल्फ लाइफ शेष होना चाहिए.
- अस्पतालों में उपलब्ध दवाओं की सूची सूचना पट्ट पर सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित की जाए.
- सभी अस्पतालों में फास्ट मूविंग ड्रग्स का न्यूनतम 25 प्रतिशत बफर स्टॉक बनाए रखा जाए.
- दवा खरीद के बाद स्टॉक पंजी में अनिवार्य रूप से प्रविष्टि की जाए तथा उसका नियमित सत्यापन किया जाए.
हर महीने देनी होगी खर्च की रिपोर्ट
विभाग ने सिविल सर्जन, देवघर एवं दुमका को निर्देश दिया है कि आवंटित राशि के व्यय का पूरा विवरण प्रत्येक माह की 7 तारीख तक विभाग को भेजना सुनिश्चित करें. साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी मद में आवंटित राशि से अधिक खर्च न हो.
