Giridih: जिले के गांडेय थाना क्षेत्र अंतर्गत झरघट्टा गांव में जंगली मशरूम खाने से एक ही परिवार के छह लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई. सभी को फूड पॉइजनिंग की शिकायत होने पर आनन-फानन में गिरिडीह सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
खाना खाने के कुछ देर बाद बिगड़ी तबीयत
बीमार होने वालों में 18 वर्षीय नेहा कुमारी, 50 वर्षीय दशरथ गोस्वामी, 19 वर्षीय कृष्णा गोस्वामी, 4 वर्षीय अर्चना कुमारी, 25 वर्षीय विशाल गोस्वामी और 45 वर्षीय गीता देवी शामिल हैं. परिजनों के अनुसार, परिवार ने जंगल से लाए गए मशरूम की सब्जी बनाकर खाई थी. भोजन करने के कुछ ही देर बाद सभी को उल्टी, पेट दर्द और बेचैनी की शिकायत होने लगी.
सदर अस्पताल में चल रहा इलाज
परिजनों ने सभी को तत्काल गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है. डॉक्टरों के अनुसार, समय पर अस्पताल पहुंचने के कारण सभी मरीजों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.
डॉक्टरों ने जारी की चेतावनी
घटना के बाद चिकित्सकों और स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जंगल से लाए गए या बिना पहचान वाले किसी भी जंगली मशरूम का सेवन न करें. विशेषज्ञों के अनुसार कई प्रकार के जंगली मशरूम जहरीले होते हैं और इनके सेवन से गंभीर फूड पॉइजनिंग के साथ जान का खतरा भी हो सकता है.
