हजारीबाग: बरसात में लापरवाही बन रही मूक पशुओं की मौत का कारण, NH-20 स्थित सिंघानी ओवरब्रिज के पास दो गायों की मौत

Hazaribagh: लगातार हो रही बारिश के बीच मवेशियों को खुले में छोड़ने की लापरवाही उनके लिए जानलेवा साबित हो रही है. एनएच-20...

बरसात में लापरवाही बन रही मूक पशुओं की मौत

Hazaribagh: लगातार हो रही बारिश के बीच मवेशियों को खुले में छोड़ने की लापरवाही उनके लिए जानलेवा साबित हो रही है. एनएच-20 स्थित सिंघानी ओवरब्रिज के समीप इंटर साइंस कॉलेज जाने वाले मार्ग पर सड़क पर बैठे मवेशी एक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए. हादसे में दो गायों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक नंदी गंभीर रूप से घायल हो गया. लोगो की नजर घटना पर पड़ी, जिसके बाद इसकी जानकारी महापौर अरविंद कुमार राणा को दी गई. महापौर ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग एंबुलेंस सेवा (1033) को सूचना देकर सहायता मांगी गई, लेकिन आवश्यक व्यवस्था उपलब्ध नहीं हो सकी. इसके बाद नगर निगम की ओर से हेड जमादार को जेसीबी और ट्रैक्टर के साथ मौके पर भेजा गया. मृत दोनों गायों को सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार के लिए डंपिंग यार्ड भेजा गया, जबकि गंभीर रूप से घायल नंदी को उपचार के लिए हजारीबाग गौशाला पहुंचाया गया.

स्थिति चिंताजनक

महापौर ने बताया कि घायल नंदी के दोनों पैर और जबड़ा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके हैं. चिकित्सकों ने उसकी स्थिति चिंताजनक बताई है. उनके आग्रह पर पशु चिकित्सक डॉ. रंजीत बारिश के बीच मौके पर पहुंचे और घायल नंदी को दर्द से राहत देने के लिए आवश्यक दवाएं एवं इंजेक्शन दिए. रेस्क्यू अभियान में समाजसेवी विकास कृष्ण गहलोत, छठ पूजा फल वितरण समिति के अभिषेक कुमार, जबरा के स्थानीय लोग तथा बजरंग दल के गोविंद कुमार यादव सहित कई लोगों ने सहयोग किया. लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद घायल नंदी को सुरक्षित निकालकर गौशाला पहुंचाया गया.

पशुपालकों से अपील

महापौर अरविंद कुमार राणा ने पशुपालकों से अपील की कि बरसात के दिनों में अपने मवेशियों को खुले में न छोड़ें. उन्होंने कहा कि रात के समय सूखी जगह की तलाश में मवेशी सड़कों पर बैठ जाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है. साथ ही वाहन चालकों से भी वर्षा और अंधेरे के दौरान धीमी गति एवं सतर्कता के साथ वाहन चलाने की अपील करते हुए कहा कि थोड़ी-सी सावधानी कई बेजुबान पशुओं और लोगों की जान बचा सकती है.

AlsoRead:हजारीबाग: बरही में खेल महाकुंभ का आगाज, डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स क्लस्टर-IV में खिलाड़ियों ने दिखाया दम

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *