Ranchi : होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में बंद महिला को हाईकार्ट से जमानत मिल गयी है. ब्राउन शुगर पैडलर के रुप में गिरफ्तार महिला ने जेल से निकलने के बाद कहा कि न उसके साथ दुष्कर्म हुआ और न ही वह गर्भवती है. गौरतलब कि प्रतिपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने होटवार जेल में अधीक्षक पर महिला कैदी के यौन शोषण करने और गर्भवती होने का आरोप लगाया था. उसके बाद मामले में हाईकोर्ट ने संज्ञान भी लिया था. जिसके बाद जेल आईजी ने टीम का गठन कर मामले की जांच करायी. मामले में अधीक्षक को शोकॉज किया गया था. लेकिन सारी बातों को धत्ता बताते हुए जेल से निकलने के बाद महिला ने बयान दिया, उससे पूरा मामला ही पलट गया.

मेरे साथ कुछ भी गलत नहीं हुआ
जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद महिला ने साफ शब्दों में कहा कि उसके साथ जेल परिसर के अंदर किसी भी प्रकार की कोई गलत घटना नहीं हुई है. उसने कहा कि न तो उसने किसी के खिलाफ शिकायत की है और न ही जेल में किसी तरह की अनैतिक गतिविधि हुई है. महिला ने कहा कि जेल के अंदर ऐसी घटना होना संभव नहीं है और उसे खुद भी नहीं पता कि इस तरह की खबरें और आरोप आखिर बाहर कैसे पहुंचे.
मां ने भी किया इनकार
महिला की मां ने भी बेटी के साथ किसी प्रकार की गलत घटना होने से साफ इनकार किया. परिवार के इस बयान के बाद पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया है और अब पहले लगाए गए आरोपों की विश्वसनीयता पर सवाल उठने लगे हैं. फिलहाल महिला के बयान ने पूरे विवाद की दिशा बदल दी है और अब सभी की नजर जांच एजेंसियों और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है.
