Gumla: सुदूरवर्ती और सीमित संसाधनों वाले क्षेत्र के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं होती, बस उन्हें सही मार्गदर्शन और दृढ़ संकल्प की जरूरत होती है. इस बात को सच कर दिखाया है सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, गुमला के मेधावी छात्र अभिषेक कुमार ने. अभिषेक ने देश की सबसे प्रतिष्ठित और कठिन मानी जाने वाली अभियांत्रिकी प्रवेश परीक्षा IIT Advanced में अपने पहले ही प्रयास में शानदार सफलता हासिल कर पूरे जिले को गौरवान्वित किया है. अभिषेक की प्रतिभा हाल ही में घोषित सीबीएसई 12वीं बोर्ड की परीक्षा में भी देखने को मिला था, जहां उन्होंने पूरे गुमला जिले में सर्वाधिक अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान (डिस्ट्रिक्ट टॉपर) हासिल किया था. अब आईआईटी प्रवेश परीक्षा में सफलता हासिल कर उन्होंने अपनी मेधा का लोहा देश स्तर पर मनवाया है.

यह भी पढ़ें: RIMS में मीडिया एंट्री और कवरेज को लेकर नई गाइडलाइन लागू, बिना अनुमति रिपोर्टिंग पर रोक
अभिषेक की सफलता से गुरूजन-अभिभावक आह्लादित
आज के व्यावसायिक दौर में जहां आईआईटी जैसी परीक्षाओं को क्रैक करने के लिए छात्र बड़े शहरों में जाकर लाखों रुपये की कोचिंग लेते हैं वहीं अभिषेक ने बिना महंगे कोचिंग के यह ऐतिहासिक कामयाबी हासिल की है. अभिषेक ने अपनी इस सफलता का पूरा श्रेय विद्यालय के अनुशासित एवं संस्कारयुक्त माहौल, अपने गुरुजनों के निरंतर मार्गदर्शन और अपनी नियमित सेल्फ-स्टडी (स्वाध्याय) को दिया है. अभिषेक की इस अभूतपूर्व सफलता से पूरे विद्यालय परिवार में उल्लास और उत्सव का माहौल है. इस ऐतिहासिक सफलता पर विद्यालय के प्रधानाचार्य जितेंद्र तिवारी ने कहा कि आचार्यों का समर्पण और छात्र की मेहनत एक साथ मिल जाए तो किसी भी बाधा को पार किया जा सकता है. उनके द्वारा समय-समय पर छात्रों को दिए जाने वाले व्यक्तिगत मार्गदर्शन, मोटिवेशन और विद्यालय में प्रतियोगी परीक्षाओं के अनुकूल माहौल तैयार करने की रणनीति का ही परिणाम है कि आज एक साधारण पृष्ठभूमि के छात्र ने बिना किसी कोचिंग के इस मुकाम को छुआ है. इस स्वर्णिम सफलता पर विद्यालय प्रबंध समिति के पदाधिकारियों, समस्त आचार्य दीदी जी, अभिभावकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अभिषेक और विद्यालय परिवार को बधाई दी है.
यह भी पढ़ें: ट्रेजरी घोटाले को लेकर भाजपा का हेमंत सरकार पर हमला, कहा- डेढ़ महीने बाद भी ऑडिट नहीं हुआ शुरू
