Ranchi : सिल्ली स्थित रामडेरा पावर ग्रिड से बिजली सप्लाई अब तक शुरू नहीं हुआ है. इस पर सांसद संजय सेठ ने नाराजगी व्यक्त की है. सेठ ने मंगलवार को ग्रिड का निरीक्षण किया और बिजली विभाग के अधिकारियों से इसकी स्थिति की जानकारी ली. इस दौरान सांसद ने बिजली विभाग के सीएमडी से दूरभाष पर बातचीत कर ग्रिड को अविलंब शुरू करने कहा. उन्होंने कहा कि यह ग्रिड करीब पिछले एक साल से बनकर तैयार है. लेकिन संचालन शुरू नहीं होने से क्षेत्र के लोगों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है. जानकारी हो कि ग्रिड 50 करोड़ की लागत से तैयार किया गया है.

बिजली समस्या का होगा स्थायी समाधान
संजय सेठ ने कहा कि रामडेरा ग्रिड के शुरू होने से सिल्ली और आसपास के इलाकों में लंबे समय से बनी बिजली आपूर्ति की समस्याओं का स्थायी समाधान होगा. इससे हजारों उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध बिजली सेवा मिल सकेगी.
उन्होंने बताया कि इस महत्वपूर्ण परियोजना की शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के कार्यकाल में हुई थी. उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े इस मुद्दे पर वे लगातार प्रयासरत हैं और क्षेत्र की जनता को जल्द से जल्द इसका लाभ दिलाने के लिए हर स्तर पर पहल जारी रखेंगे.
ALSO READ : RIMS में मीडिया एंट्री और कवरेज को लेकर नई गाइडलाइन लागू, बिना अनुमति रिपोर्टिंग पर रोक
