Pakur: हिरणपुर प्रखंड के सुंदरपुर गांव के दो युवाओं ने देश सेवा के प्रति अपने समर्पण और जज्बे का परिचय देते हुए अग्निवीर के रूप में छह माह का सैन्य प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा कर घर वापसी की. गांव पहुंचने पर परिजनों और ग्रामीणों ने दोनों युवाओं का गर्मजोशी से स्वागत किया. इस दौरान पूरे गांव में खुशी का माहौल देखने को मिला.

दिसंबर 2025 में हुआ था चयन, महार रेजिमेंट में ली ट्रेनिंग
जानकारी के अनुसार, सुंदरपुर गांव निवासी ध्रुव यादव के पुत्र अरविंद यादव और राजकिशोर महतो के पुत्र तपन महतो का चयन दिसंबर 2025 में अग्निवीर योजना के तहत हुआ था. चयन के बाद दोनों युवाओं ने मध्य प्रदेश स्थित महार रेजिमेंट में छह माह का प्रशिक्षण प्राप्त किया. प्रशिक्षण पूरा करने के बाद जब वे अपने गांव लौटे तो परिजनों और ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत किया.
युवाओं की सफलता पर गांव में गर्व का माहौल
दोनों युवाओं की इस उपलब्धि पर उनके माता-पिता ने गर्व व्यक्त किया. वहीं ग्रामीणों ने कहा कि अरविंद यादव और तपन महतो ने देश सेवा का मार्ग चुनकर न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है. लोगों का मानना है कि उनकी सफलता से गांव और आसपास के अन्य युवाओं को भी सेना में जाने और राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरणा मिलेगी.
देश सेवा के लिए निष्ठा और समर्पण जरूरी : अग्निवीर
स्वागत समारोह के दौरान दोनों अग्निवीरों ने युवाओं से देश सेवा के लिए आगे आने की अपील की. उन्होंने कहा कि अग्निवीर बनने का सपना उन्होंने वर्षों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण के बल पर पूरा किया है. प्रशिक्षण के दौरान भी साहस, अनुशासन और देशभक्ति की भावना के साथ आगे बढ़ते रहे. उन्होंने युवाओं से कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो कोई भी सपना पूरा किया जा सकता है. देश सेवा के लिए निष्ठा, समर्पण और दृढ़ संकल्प सबसे जरूरी है.
ALSO READ : ट्रेजरी घोटाले को लेकर भाजपा का हेमंत सरकार पर हमला, कहा- डेढ़ महीने बाद भी ऑडिट नहीं हुआ शुरू
