Hazaribagh: शहर में इन दिनों अपराधियों और झपटमारों का मनोबल सातवें आसमान पर पहुंच गया है. पुलिस प्रशासन के तमाम दावों को ठेंगा दिखाते हुए बेखौफ अपराधी आए दिन छिनतई और चोरी जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं. ताजा मामला मंगलवार सुबह करीब 10 बजे का है, जहां सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत नवाबगंज गली में दो बाइक सवार अपराधियों ने दिनदहाड़े एक महिला के गले से सोने की चेन छीन ली और मौके से फरार हो गए. इस दुस्साहसिक घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है.

गली से गुजर रही महिला को बनाया निशाना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 10 बजे एक महिला नवाबगंज गली से होकर गुजर रही थी. वह जैसे ही गली के एक मकान के सामने पहुंची, पहले से घात लगाए बाइक सवार दो अपराधियों ने उनके पास आकर झपट्टा मारा और पलक झपकते ही महिला के गले से सोने की चेन छीन ली.
मदद के लिए चीखती रह गई महिला
अचानक हुई इस घटना से महिला घबरा गई और शोर मचाने लगी. जब तक आसपास के लोग महिला की आवाज सुनकर घरों से बाहर निकलते और कुछ समझ पाते, तब तक दोनों अपराधी बाइक की रफ्तार बढ़ाकर मौके से फरार हो चुके थे.
Also Read: जनगणना से पहले मकान सूचीकरण पर उठे सवाल, HLO ऐप की खामियों को लेकर बढ़ रहा भ्रम
CCTV में कैद पूरी वारदात
घटनास्थल के सामने लगे एक घर के सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात कैद हो गई है. फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह अपराधियों ने योजनाबद्ध तरीके से महिला को निशाना बनाया और चेन छीनकर भाग निकले. फुटेज में अपराधियों का हुलिया और वारदात का तरीका स्पष्ट दिखाई दे रहा है.
पुलिस को सौंपी गई फुटेज
स्थानीय लोगों और परिजनों ने घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस टीम को सीसीटीवी फुटेज सौंप दी गई है. पुलिस फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई में जुटी हुई है.
अपराधी हो रहे बेखौफ
स्थानीय लोगों का कहना है कि हजारीबाग शहर में अपराधियों का खौफ लगातार बढ़ता जा रहा है. हालात ऐसे हैं कि महिलाएं अब दिन के उजाले में भी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं. सुबह 10 बजे जैसे व्यस्त समय में रिहायशी इलाके में हुई इस घटना ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
