Koderma: कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रकाश रजक ने प्रेस वार्ता कर जे.जे. कॉलेज, कोडरमा को विनोबा भावे विश्वविद्यालय से हटाकर जे.सी. बोस विश्वविद्यालय, गिरिडीह से संबद्ध करने के निर्णय का विरोध किया. उन्होंने कहा कि इससे छात्रों को शैक्षणिक, प्रशासनिक और आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ेगा. प्रकाश रजक ने कहा कि यह केवल एक कॉलेज का नहीं, बल्कि कोडरमा के युवाओं और शिक्षा के भविष्य का मुद्दा है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्णय वापस नहीं लिया गया तो इसे लेकर व्यापक जनआंदोलन चलाया जाएगा. उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को राज्य सरकार, शिक्षा विभाग, विश्वविद्यालय प्रशासन और पार्टी नेतृत्व के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा. साथ ही जिले के लोगों, छात्र संगठनों और सामाजिक संस्थाओं से आंदोलन में शामिल होने की अपील की गई.

