चतरा में अफीम तस्करी पर पुलिस का प्रहार, पाराडीह जंगल से ढाई लाख की अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

Chatra: जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है. इसी क्रम में सदर थाना क्षेत्र के...

Chatra: जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है. इसी क्रम में सदर थाना क्षेत्र के पाराडीह जंगल में छापेमारी कर पुलिस ने करीब 522 ग्राम अफीम के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है. बरामद अफीम की अनुमानित बाजार कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई जा रही है.

एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पाराडीह जंगल में विशेष अभियान चलाया. छापेमारी के दौरान दो संदिग्ध युवकों को पकड़ा गया. तलाशी लेने पर उनके पास से 522 ग्राम अफीम बरामद हुई, जिसके बाद दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लावालौंग थाना क्षेत्र के हेडुम गांव निवासी रुपेश कुमार और इटखोरी के परसौनी निवासी दीपांशु कुमार के रूप में हुई है.

ALSO READ: विधायक प्रतिनिधि अशोक प्रसाद साहू की माता का निधन

अफीम तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर अफीम तस्करी के पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है. गिरफ्तार तस्करों के मोबाइल फोन और चैट की गहन जांच की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अफीम कहां से लाई गई थी, इसके पीछे कौन लोग सक्रिय हैं और इसकी आपूर्ति किन क्षेत्रों में की जानी थी.

उन्होंने कहा कि मामले के फ्रंट और बैक लिंकेज की भी जांच की जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके. एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने स्पष्ट कहा कि नशा तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. चाहे वह सप्लायर हो, बिचौलिया हो या नेटवर्क का सरगना, पुलिस सभी तक पहुंचेगी.

उन्होंने कहा कि जिले में अफीम, ब्राउन शुगर, डोडा और अन्य मादक पदार्थों के कारोबार को जड़ से खत्म करना पुलिस की प्राथमिकता है. आने वाले दिनों में इस मामले में और भी गिरफ्तारियां होंगी तथा अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. छापेमारी दल में सदर थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक अवधेश कुमार सिंह, एनडीपीएस थाना प्रभारी शम्मी अंसारी, एएसआई जयप्रकाश सिंह समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *