Chatra: चतरा जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चला रही है. इसी कड़ी में सदर थाना क्षेत्र के पाराडीह जंगल में छापेमारी कर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 522 ग्राम अफीम बरामद की है. बरामद अफीम की बाजार कीमत लगभग ढाई लाख रुपये बताई जा रही है.

गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी
एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने प्रेस वार्ता में बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पाराडीह जंगल में विशेष अभियान चलाया. इस दौरान दो संदिग्ध युवकों को पकड़कर तलाशी ली गई, जिनके पास से अफीम बरामद हुई. पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार युवकों की पहचान लावालौंग थाना क्षेत्र के हेडुम गांव निवासी रुपेश कुमार और इटखोरी के परसौनी निवासी दीपांशु कुमार के रूप में हुई है.
तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर अफीम तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है. गिरफ्तार तस्करों के मोबाइल फोन और चैट की गहन पड़ताल की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि अफीम कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई किन क्षेत्रों में होनी थी.
फ्रंट और बैक लिंकेज खंगालने में जुटी टीम
पुलिस मामले के फ्रंट और बैक लिंकेज की भी जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि पूरे गिरोह की पहचान कर नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा. तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अन्य संदिग्धों तक पहुंचने की कोशिश जारी है.
Read Also: कोडरमा में अपर समाहर्ता के जनता दरबार में सुनी गईं आमजनों की समस्याएं
नशा तस्करों को किसी कीमत पर नहीं बख्शेंगे
प्रेस वार्ता में एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने कहा कि नशा तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. चाहे वह सप्लायर हो, बिचौलिया हो या गिरोह का सरगना, पुलिस सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी. उन्होंने कहा कि जिले में अफीम, ब्राउन शुगर, डोडा समेत अन्य मादक पदार्थों के अवैध कारोबार को जड़ से खत्म करना पुलिस की प्राथमिकता है.
न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. छापेमारी दल में सदर थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक अवधेश कुमार सिंह, एनडीपीएस थाना प्रभारी शम्मी अंसारी, एएसआई जयप्रकाश सिंह समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
