Giridih: मंगलवार को आयोजित जनता दरबार में उपायुक्त रामनिवास यादव ने जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से पहुंचे 100 से अधिक फरियादियों की समस्याएं सुनीं. इस दौरान भूमि विवाद, राशन कार्ड, खाद्यान्न वितरण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आधार कार्ड, आवास, पेयजल, विद्युत, राजस्व तथा अन्य जनहित से जुड़े मामलों को लेकर लोगों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं. जनता दरबार में उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का त्वरित, पारदर्शी एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाना चाहिए. सभी अधिकारी संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ मामलों का निष्पादन करें.

यह भी पढ़ें: सिंचाई परियोजना पर सियासी संग्राम, शिलान्यास के बाद श्रेय को लेकर आमने-सामने आए वर्तमान और पूर्व विधायक
कई मामलों का मौके पर ही निपटारा
उपायुक्त ने विशेष रूप से राशन कार्ड, खाद्यान्न वितरण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आधार कार्ड तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. जनता दरबार के दौरान कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि अन्य शिकायतों को संबंधित विभागों को अग्रसारित कर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए. साथ ही अधिकारियों को सभी आवेदनों की नियमित मॉनिटरिंग कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन करने तथा आवेदकों को कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया.

यह भी पढ़ें: रांची: अल्बर्ट एक्का से सुजाता चौक तक कम होगा ट्रैफिक का दबाव, सड़क घेरी तो होगी सख्त कानूनी कार्रवाई
