Bokaro: एनटीपीसी के सीएमडी गुरदीप सिंह द्वारा डीवीसी के चेयरमैन पद का अतिरिक्त प्रभार संभालने के बाद प्रशासनिक स्तर पर एक महत्वपूर्ण फैसला लिया गया है. मंगलवार को जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, एनटीपीसी सिंगरौली एसटीपीएस के कार्यकारी निदेशक (ईडी) संदीप नाइक को डीवीसी से जुड़े मामलों में सीएमडी की सहायता के लिए ओएसडी नियुक्त किया गया है.

DVC मामलों के लिए मिली नई जिम्मेदारी
अधिसूचना के अनुसार संदीप नाइक को “ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी टू सीएमडी-एनटीपीसी (डीवीसी मामले)” के रूप में नामित किया गया है. उनकी नियुक्ति का उद्देश्य डीवीसी से संबंधित प्रशासनिक, परियोजनागत और परिचालन मामलों में समन्वय को मजबूत करना है.
दिल्ली होगा मुख्यालय
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नवनियुक्त ओएसडी संदीप नाइक का मुख्यालय नई दिल्ली में होगा. वहीं डीवीसी की विभिन्न गतिविधियों, परियोजनाओं और प्रतिबद्धताओं की निगरानी एवं समीक्षा के लिए वे नियमित रूप से कोलकाता भी जाएंगे.
जारी किया गया आधिकारिक पत्र
इस संबंध में सीएमडी सचिवालय की ओर से पत्र जारी कर डीवीसी और एनटीपीसी के सभी संबंधित निदेशकों एवं वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है. माना जा रहा है कि इस नियुक्ति से डीवीसी और एनटीपीसी के बीच समन्वय को और मजबूती मिलेगी तथा विभिन्न परियोजनाओं की निगरानी और क्रियान्वयन में तेजी आएगी.
