Ranchi:राजधानी रांची में हुई बारिश ने लोगों को गर्मी से बड़ी राहत दी है. पिछले 24 घंटों में रांची में 21.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जो राज्य में सर्वाधिक रही। वहीं दूसरी ओर डाल्टनगंज 40 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ झारखंड का सबसे गर्म स्थान रहा.

मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अगले कई दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा. आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे तथा विभिन्न जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना बनी रहेगी. कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं. मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक रांची में न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा. रांची का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 4.2 डिग्री कम रहा.
रांची में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार रांची और आसपास के क्षेत्रों में अगले पांच दिनों तक बादल छाए रहेंगे. बीच-बीच में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है. इस दौरान अधिकतम तापमान 34 से 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.
तापमान में होगी बढ़ोतरी, लेकिन राहत भी रहेगी
अगले तीन दिनों के दौरान राज्य के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है, हालांकि बारिश और बादलों के कारण लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलती रहेगी.
मौसम विभाग की चेतावनी
2 से 8 जून के बीच राज्य के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की गई है.
