Saraikela: जिला उपायुक्त के निर्देशानुसार उत्पाद अधीक्षक के नेतृत्व में जिले में अवैध शराब के विनिर्माण, भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में आसूचना संकलित कर 02 जून, 2026 को नीमडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बूढ़ीबासा एवं महतोडीह में विधिवत छापेमारी अभियान संचालित किया गया.

600 किलो और 20 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त
छापेमारी के दौरान कुल 02 अवैध चुलाई भट्टियों को ध्वस्त किया गया. साथ ही मौके से लगभग 600 किलोग्राम जावा महुआ एवं 20 लीटर अवैध महुआ चुलाई शराब बरामद की गई. बरामद जावा महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया. बरामद अवैध उत्पाद एवं अन्य सामग्रियों को विधिसम्मत रूप से जब्त कर लिया गया है. संबंधित अवैध चुलाई अड्डा संचालकों के विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है. मौके से अभियुक्त फरार हो गए, जिनकी पहचान कर गिरफ्तारी हेतु छापेमारी जारी है.
Read Also: सरायकेला उपायुक्त की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार आयोजित, कई मामलों का ऑन द स्पॉट निष्पादन
उत्पाद अधीक्षक ने क्या कहा
उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर पूर्ण अंकुश लगाने के लिए सूचना तंत्र को मजबूत किया गया है. ग्रामीण क्षेत्रों में गुप्त सूचना के आधार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि अवैध शराब निर्माण, भंडारण या बिक्री की सूचना तुरंत उत्पाद विभाग या स्थानीय थाना को दें. सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी. उपायुक्त ने कहा कि अवैध शराब न केवल राजस्व की हानि है बल्कि जन स्वास्थ्य के लिए भी घातक है. जिले में इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे. छापेमारी दल में उत्पाद निरीक्षक, अवर निरीक्षक, नीमडीह थाना पुलिस बल एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
