एनएचएआई के साथ हजारीबाग सांसद की अहम बैठक, चौपारण फ्लाईओवर अगले वर्ष मार्च-जून तक चालू करने का लक्ष्य

Hazaribagh: हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र में सड़क, पुल और आधारभूत संरचना विकास परियोजनाओं को नई गति देने के उद्देश्य से सांसद मनीष जायसवाल...

Hazaribagh MP
एनएचएआई प्रोजेक्ट डायरेक्टर के साथ हजारीबाग सांसद

Hazaribagh: हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र में सड़क, पुल और आधारभूत संरचना विकास परियोजनाओं को नई गति देने के उद्देश्य से सांसद मनीष जायसवाल ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के प्रोजेक्ट डायरेक्टर एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सांसद सेवा कार्यालय, हजारीबाग में एक उच्चस्तरीय समीक्षात्मक बैठक की. बैठक में क्षेत्र की कई लंबित और जनहित से जुड़ी परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई तथा महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए. सांसद ने बताया कि हाल ही में बरही विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं से जुड़े कई मुद्दे उनके समक्ष रखे थे. इन्हीं समस्याओं के समाधान के लिए यह बैठक आयोजित की गई.

मदनगुंडी पंचायत की तीन प्रमुख मांगों पर बनी सहमति

बैठक में चंदवारा प्रखंड की मदनगुंडी पंचायत से जुड़े मुद्दों पर विशेष चर्चा हुई. ग्रामीण लंबे समय से रेलवे साइडिंग और भारी वाहनों की आवाजाही के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए बुनियादी सुविधाओं की मांग कर रहे थे. सांसद की पहल पर ग्रामीणों की चार प्रमुख मांगों में से तीन मांगों (सर्विस रोड, नाली निर्माण तथा स्ट्रीट लाइट/रंबल स्ट्रिप) पर एनएचएआई अधिकारियों ने सहमति प्रदान कर दी. चौथी मांग पर उच्चस्तरीय स्वीकृति मिलने के बाद निर्णय लेने का आश्वासन दिया गया.

पिपरा और सिंघरावां के ग्रामीणों को मिलेगा न्यायपूर्ण मुआवजा

राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना के तहत चौपारण के 47 गांवों में भूमि अधिग्रहण किया गया था, जिनमें से 45 गांवों को मुआवजा भुगतान हो चुका है. हालांकि पिपरा और सिंघरावां गांवों में भुगतान को लेकर विसंगतियों की शिकायतें सामने आई थीं. बैठक में सांसद मनीष जायसवाल ने इस मुद्दे को मजबूती से उठाते हुए कहा कि सभी प्रभावित ग्रामीणों को समान आधार पर मुआवजा मिलना चाहिए. इस पर एनएचएआई अधिकारियों ने पुनर्मूल्यांकन कर उचित भुगतान सुनिश्चित करने का भरोसा दिया.

70 प्रतिशत पूरा हुआ चौपारण फ्लाईओवर, अगले वर्ष खुलने की उम्मीद

क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित चौपारण फ्लाईओवर परियोजना पर भी विस्तृत समीक्षा की गई. अधिकारियों ने जानकारी दी कि फ्लाईओवर का लगभग 70 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है. गया की ओर से दूसरे लॉन्चर और साइड विंग का निर्माण कार्य जून माह में शुरू किया जाएगा. परियोजना को अगले वर्ष मार्च से जून के बीच आम जनता के लिए खोलने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. इसके साथ ही स्थानीय लोगों की सुरक्षित आवाजाही के लिए बनाए जा रहे फुट ओवरब्रिज को आगामी दुर्गा पूजा तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.

सिंघानी मोड़ की तकनीकी समस्या के समाधान के लिए IIT खड़गपुर की मदद

बैठक में सिंघानी मोड़ फ्लाईओवर के नीचे क्षतिग्रस्त सड़क की स्थिति पर भी चर्चा हुई. अधिकारियों ने बताया कि मरम्मत कार्य तेजी से चल रहा है और इसे 30 जून तक पूरा कर लिया जाएगा. फ्लाईओवर के ऊपरी हिस्से में सतह दबने की तकनीकी समस्या के स्थायी समाधान के लिए आईआईटी खड़गपुर की विशेषज्ञ टीम से तकनीकी परामर्श लिया जा रहा है, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना को समाप्त किया जा सके.

इचाक मोड़ फ्लाईओवर को मिली रफ्तार, जल्द शुरू होगा निर्माण

हजारीबाग जिले के सबसे महत्वपूर्ण यातायात बिंदुओं में शामिल इचाक मोड़ फ्लाईओवर परियोजना को लेकर भी सकारात्मक खबर सामने आई. एनएचएआई अधिकारियों ने सांसद को जानकारी दी कि परियोजना की निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और बहुत जल्द निर्माण कार्य धरातल पर शुरू कर दिया जाएगा. यह फ्लाईओवर बनने के बाद इचाक मोड़ पर लगने वाले जाम और दुर्घटनाओं की समस्या से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.

जनसुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता: मनीष जायसवाल

बैठक के बाद सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास और आम जनता की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने कहा, “जनसुविधाओं से जुड़े हर विषय को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि क्षेत्र को बेहतर कनेक्टिविटी, सुरक्षित यातायात व्यवस्था और जाम की समस्या से मुक्ति मिल सके. एनएचएआई के साथ हुई यह बैठक क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.”

यह भी पढ़ें: संदीप नाइक बने CMD-NTPC के ओएसडी, DVC मामलों में संभालेंगे जिम्मेदारी

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *