Ranchi: जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय स्थित एनआईसी सभागार में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) एवं जनगणना कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में निर्वाचन और जनगणना कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए.

उपायुक्त ने जिले में चल रहे मतदाता मैपिंग कार्य की प्रगति का लिया जायजा
बैठक में जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी, सभी सात विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाची निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ), सहायक निर्वाची निबंधन पदाधिकारी (एईआरओ), जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी-सह-उप जिला जनगणना पदाधिकारी समेत कई अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे. समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने जिले में चल रहे मतदाता मैपिंग कार्य की प्रगति का जायजा लिया और सभी ईआरओ व एईआरओ को अनमैप्ड मतदाताओं की पहचान कर निर्धारित समय सीमा के भीतर मैपिंग कार्य पूरा करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता और समावेशिता लोकतांत्रिक प्रक्रिया की आधारशिला है तथा कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित नहीं रहना चाहिए.
बीएलए-2 और बीएलओ के बीच बेहतर समन्वय पर जोर
उपायुक्त ने सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल एजेंट (बीएलए), बीएलए-2, बीएलओ सुपरवाइजर एवं बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की बैठकें शीघ्र आयोजित करने का निर्देश दिया. उन्होंने बीएलए-2 और बीएलओ के बीच बेहतर समन्वय पर जोर देते हुए कहा, कि इससे मतदाता सत्यापन एवं मैपिंग प्रक्रिया अधिक प्रभावी बनेगी. बैठक में मतदाताओं को घोषणा-पत्र एवं गणना-पत्र के साथ संलग्न किए जाने वाले 11 प्रकार के स्वीकृत दस्तावेजों की जानकारी व्यापक स्तर पर उपलब्ध कराने तथा जन-जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए, इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से प्राप्त बीएलओ संबंधी शिकायतों पर उपायुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई और स्पष्ट कहा, कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले बीएलओ के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
उपायुक्त ने जनगणना कार्यों की भी की समीक्षा
विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने के लिए अधिकारियों को प्रतिदिन प्रगति समीक्षा, क्षेत्रीय भ्रमण बढ़ाने तथा शिकायतों के त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए गए. उपायुक्त ने कहा कि निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए.
बैठक में जनगणना कार्यों की भी समीक्षा की गई. उपायुक्त ने जनगणना से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मियों को गुणवत्ता और शुद्धता बनाए रखने का निर्देश देते हुए कहा, कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है, इसलिए प्रत्येक परिवार और भवन का सही एवं अद्यतन विवरण दर्ज किया जाना आवश्यक है.
उन्होंने जनगणना के दौरान भवनों पर लगाए जा रहे स्टिकरों को निर्धारित मानकों के अनुसार सही स्थान पर चिपकाने तथा कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया. उपायुक्त ने कहा कि जनगणना प्रक्रिया में निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं का शत-प्रतिशत अनुपालन किया जाए, ताकि आंकड़ों की विश्वसनीयता बनी रहे.
यह भी पढ़ें: चौपारण महिला मोर्चा सम्मेलन में उमड़ा जनसैलाब, संगठन विस्तार और महिला अधिकारों पर हुआ मंथन
