Ranchi: बुंडू प्रखंड के टांगरटोली निवासी होनहार छात्र हिमांशु कुमार ने देश की प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई एडवांस 2026 में शानदार सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है. हिमांशु ने परीक्षा में ओबीसी रैंक 1883 तथा ऑल इंडिया रैंक (AIR) 8115 प्राप्त कर अपनी प्रतिभा और मेहनत का परिचय दिया है.

सीमित संसाधनों के बीच लक्ष्य हासिल की
सीमित संसाधनों और चुनौतियों के बीच बुंडू जैसे छोटे शहर से निकलकर हिमांशु द्वारा हासिल की गई. यह उपलब्धि क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है. उनकी सफलता यह संदेश देती है कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर किसी भी बड़े लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है.
उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ बधाई दी गयी
हिमांशु की इस उपलब्धि पर भाजपा बुंडू नगर मंडल के उपाध्यक्ष मुकेश मुंडा एवं समाजसेवी लक्ष्मण मुंडा ने उनके आवास पहुंचकर उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं. इस दौरान दोनों ने कहा कि हिमांशु की सफलता पूरे बुंडू क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है और उनकी उपलब्धि आने वाली पीढ़ी को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी.
झारखंड का नाम रोशन राष्ट्रीय स्तर पर करने की इच्छा
उन्होंने आशा जताई कि हिमांशु आगे चलकर किसी प्रतिष्ठित आईआईटी में प्रवेश प्राप्त कर अपने परिवार, बुंडू क्षेत्र और झारखंड का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे. हिमांशु कुमार की सफलता पर स्थानीय लोगों, शिक्षकों एवं शुभचिंतकों ने भी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
AlsoRead:मतदाता सूची की शुद्धता पर उपायुक्त सख्त, लापरवाही करने वाले बीएलओ पर होगी कड़ी कार्रवाई
