Ranchi: शहर की जीवनरेखा मानी जाने वाली हरमू नदी को फिर से स्वच्छ, सुंदर और अविरल बनाने की दिशा में रांची नगर निगम ने अभियान शुरू कर दिया है. आज नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने हिंदपीढ़ी स्थित हरमू नदी क्षेत्र का जमीनी निरीक्षण कर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान नदी में जमी गाद, झाड़ियों, जल प्रवाह में बाधा बन रहे अवरोधों और नदी तट पर फैले अतिक्रमण को लेकर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई. उन्होंने पोकलेन और जेसीबी मशीनों से युद्धस्तर पर सफाई अभियान चलाने तथा नदी की जलधारण क्षमता बढ़ाने के लिए तत्काल गाद निकालने का निर्देश दिया.

अतिक्रमणों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करेगा नगर निगम
नगर निगम अब हरमू नदी किनारे बने अवैध खटालों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और अन्य अतिक्रमणों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करेगा. इनफोर्समेंट टीम को जुर्माना लगाने और अवैध संरचनाएं हटाने के आदेश दिए गए हैं. भू-संपदा शाखा को शहर और अरगोड़ा अंचल के साथ मिलकर नदी तट की मापी कर अतिक्रमण की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया गया है. रिपोर्ट के आधार पर चरणबद्ध तरीके से अतिक्रमण हटाया जाएगा.
सौंदर्यीकरण कार्य करने के लिए खाली जगहों को किया गया चिन्हित
निरीक्षण के दौरान नदी किनारे कई खाली स्थलों को भी चिन्हित किया गया, जहां आम लोगों की सुविधा के लिए बेंच, हरित क्षेत्र और सौंदर्यीकरण कार्य किए जाएंगे. नगर आयुक्त ने कहा कि हरमू नदी के संरक्षण, स्वच्छता और सौंदर्यीकरण को लेकर निगम पूरी गंभीरता से काम कर रहा है. इससे न केवल नदी का प्राकृतिक स्वरूप सुधरेगा, बल्कि जल-जमाव की समस्या कम होगी और पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी.
यह भी पढ़ें: अनीता देवी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर सांसद समेत प्रतिनिधिमंडल ने SP से की मुलाकात
