Giridih: उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव के निर्देश पर गठित समिति ने सर जे.सी. बोस विद्यालय छात्रावास का निरीक्षण एवं सत्यापन अभियान शुरू किया है. जांच के दौरान छात्रावास में दर्ज छात्राओं की उपस्थिति और अभिलेखों की गहन जांच की गई.

गड़बड़ी पर रोक लगाने की कवायद
निरीक्षण में चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि छात्रावास में 218 छात्राओं का नामांकन दर्ज है, जबकि जांच के समय केवल 70 छात्राएं ही उपस्थित मिलीं. वहीं 130 से अधिक छात्राएं बिना किसी सूचना के अनुपस्थित पाई गईं. बड़ी संख्या में अनुपस्थित छात्राओं को देखते हुए समिति ने विस्तृत सत्यापन प्रक्रिया शुरू कर दी है. जिला प्रशासन के अनुसार सत्यापन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि छात्रावास में वास्तव में निवासरत एवं अध्ययनरत छात्राओं को ही सरकारी सुविधाओं का लाभ मिले और किसी प्रकार की अनियमितता पर प्रभावी रोक लगाई जा सके.
उपस्थिति सत्यापन कराएं
समिति ने छात्रावास में नामांकित सभी अनुपस्थित छात्राओं और उनके अभिभावकों से अपील की है कि वे तत्काल छात्रावास पहुंचकर अपनी पहचान एवं उपस्थिति का सत्यापन कराएं. निर्धारित समय सीमा के भीतर सत्यापन नहीं कराने पर संबंधित मामलों में विभागीय नियमों के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
प्रशासन ने छात्राओं एवं अभिभावकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सत्यापन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पूरा करने में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें, ताकि छात्रावास व्यवस्था सुचारू और पारदर्शी बनी रहे.
AlsoRead:गरीबों की थाली और राशन व्यवस्था पर मुख्यमंत्री का फोकस, शहरी मजदूरों के लिए बढ़ेंगे दाल-भात केंद्
