Palamu : नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के हुल्सी खुर्द गांव में चांदी साफ करने के बहाने एक महिला से सोने का मंगलसूत्र ठगने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के छह सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. अपराधियों के पास से ठगा गया मंगलसूत्र, केमिकल और तीन मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं. घटना के संबंध में बताया जाता है कि दो ठग हुल्सी खुर्द गांव निवासी अनीता देवी के घर पहुंचे. उन्होंने चांदी साफ करने का झांसा देकर पहले महिला की अंगूठी साफ की. जब महिला को उन पर विश्वास हो गया, तो ठगों ने उसका सोने का मंगलसूत्र साफ करने के बहाने चुपके से अपने बैग में रख लिया. इसके बाद उन्होंने महिला को झांसा देने के लिए कागज में कुछ पाउडर लपेटकर दे दिया और कहा कि इसे थोड़ी देर बाद खोलने पर यह चमकने लगेगा.

गांव-गांव घूमकर करते थे ठगी, महिला के शक ने खोल दी गैंग की पोल
महिला को शक हुआ तो उसने सूझबूझ दिखाते हुए ग्रामीणों के सहयोग से दोनों ठगों को पकड़ लिया. पुलिस को सूचना देने के बाद जब तलाशी ली गई तो आरोपी के बैग से महिला का मंगलसूत्र मिल गया. पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग गांवों में घूम रहे उनके चार अन्य साथियों को भी धर दबोचा. पूछताछ में आरोपियों ने कुबूल किया कि वे दो-दो के ग्रुप में बाइक से गांवों में घूमते हैं. चांदी साफ करने के दौरान वे उसके कुछ हिस्से को एसिड के जरिए गलाकर अपने पास रख लेते थे और मौका मिलने पर सोने के गहने भी गायब कर देते थे. इस मामले में पीड़िता की शिकायत पर नौडीहा बाजार थाने में केस दर्ज किया गया है. गिरफ्तार किए गए आरोपियों में प्रिंस कुमार, राहुल कुमार और रोहित कुमार (तीनों जिला सुपौल, बिहार) तथा प्रभु कुमार शाह, रोहन कुमार और अक्षय कुमार (तीनों जिला अररिया, बिहार) शामिल हैं. इनके पास से मंगलसूत्र के अलावा चांदी साफ करने वाला सफेद पाउडर, एसिड, लोहे के दो कटर, वजन करने वाली छोटी मशीन और तीन बाइक बरामद की गई हैं. इस कामयाबी में थाना प्रभारी नीरज कुमार, रोहित चौहान, दीपक कुमार, राजेश बैठा और सशस्त्र बल की मुख्य भूमिका रही.
Also Read : दिल्ली में दौड़, रांची में नो सिग्नल, राज्यसभा टिकट के फेर में कांग्रेसियों का बढ़ा हार्टबीट
