Jamtara : नगर पंचायत के अध्यक्ष प्रतिनिधि तरुण कुमार गुप्ता ने बुधवार को अपने आवासीय कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित कर नगर पंचायत के तीन माह के कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों, जनसमस्याओं और भविष्य की योजनाओं की जानकारी मीडिया के साथ साझा की. इस दौरान नगर पंचायत के सभी वार्ड सदस्य, उपाध्यक्ष प्रतिनिधि समेत कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे. प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए तरुण कुमार गुप्ता ने कहा कि नगर पंचायत ने अल्प समय में कई महत्वपूर्ण कार्यों की शुरुआत की है. उन्होंने बताया कि वर्षों से बंद पड़ी नालियों की सफाई कराई गई है. उन्होंने दावा किया कि 10 से 15 वर्षों से जाम पड़ी नालियों को साफ करवाने का कार्य शुरू किया गया, जिससे लोगों को जलजमाव की समस्या से राहत मिलेगी.

विकास कार्यों के लिए नगर पंचायत तैयार, 13 करोड़ की राशि का इंतजार
उन्होंने कहा कि नगर पंचायत को सरकार से पर्याप्त राशि मिलने पर कई लंबित योजनाओं को गति दी जाएगी. गुप्ता ने बताया कि 15वें वित्त आयोग की योजनाओं को लेकर समीक्षा की जा रही है और लगभग 13 करोड़ रुपये की राशि मिलने के बाद विकास कार्यों को और तेज किया जाएगा. इस दौरान उन्होंने पूर्व कार्यकाल में संचालित योजनाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि कई योजनाओं में अनियमितता की शिकायतें सामने आई हैं, जिसकी समीक्षा की जा रही है. उन्होंने कहा कि पुराने रिकॉर्डों की जांच की जा रही है तथा सभी दस्तावेजों का सत्यापन कराया जा रहा है. तरुण गुप्ता ने कहा कि नगर क्षेत्र के सभी वार्डों में पोल मार्किंग का कार्य शुरू किया जा रहा है. इसके तहत वार्डों के नाम और नंबर अंकित किए जाएंगे तथा प्रत्येक लाइट पोल और पुल की पहचान दर्ज कर उसे रिकॉर्ड में शामिल किया जाएगा, ताकि भविष्य में रखरखाव और निगरानी में सुविधा हो.
2.47 करोड़ की सड़क अधूरी, साढ़े 4 करोड़ की सोलर लाइट गायब
उन्होंने पूर्व कार्यकाल में खरीदे गए सोलर लाइट पर भी सवाल खड़े किए. गुप्ता ने कहा कि करीब साढ़े चार करोड़ रुपये की लागत से सोलर लाइट खरीदी गई थी और एक-एक सोलर लाइट की कीमत लगभग 87 हजार रुपये थी, लेकिन पूरे शहर में कहीं भी वह सोलर लाइट दिखाई नहीं देती. उन्होंने पूछा कि आखिर वे सोलर लाइट कहां लगाई गईं. इसके अलावा न्यू टाउन क्षेत्र में सस्ती षष्ठी तला से कॉलोनी तक बनने वाली सड़क योजना का भी जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि लगभग 2 करोड़ 47 लाख रुपये का टेंडर होने के बावजूद सड़क निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ. इसके कारण लोगों को आज भी सड़क पर जलजमाव और कीचड़ की समस्या से जूझना पड़ रहा है. उन्होंने बताया कि डोर-टू-डोर कचरा उठाव योजना वर्षों से बंद पड़ी थी, जिसे दोबारा शुरू करने की दिशा में काम किया जा रहा है. वहीं शवदाह गृह को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि पुरानी मशीन लगाकर जल्दबाजी में उद्घाटन कर दिया गया था. इस संबंध में सरकार को पत्र भी भेजा गया, लेकिन सरकार की ओर से उद्घाटन हो जाने की बात कही गई.
जनता से किए वादे हर हाल में पूरे होंगे, विकास नहीं रुकेगा: तरुण गुप्ता
तरुण गुप्ता ने कहा कि नगर पंचायत में अब सभी कार्यों के लिए पारदर्शी प्रक्रिया लागू की जा रही है. चाहे पानी टंकी की सुविधा हो, नगर भवन की बुकिंग हो या अन्य कोई नागरिक सुविधा, अब लोगों को किसी व्यक्ति विशेष पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा. उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले लोगों को छोटी-छोटी जरूरतों के लिए भी “दादा” से पूछना पड़ता था, लेकिन अब वह व्यवस्था समाप्त कर दी गई है और सभी कार्य निर्धारित प्रक्रिया के तहत किए जाएंगे. विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून को नगर क्षेत्र में 2000 पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है. इसको लेकर गांधी मैदान में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति कम से कम पांच पौधे अवश्य लगाए. अंत में तरुण कुमार गुप्ता ने कहा कि चुनाव के दौरान जनता से किए गए सभी वादों को पूरी मजबूती के साथ पूरा किया जाएगा और विकास के संकल्प को कोई नहीं रोक सकता.
Also Read : झारखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज : अगले 5 दिनों तक वज्रपात और आंधी का अलर्ट
