रांची में मर्चेंट नेवी अफसर की हैवानियत: पत्नी को चप्पलों से पीटा, गला घोंटकर की जान लेने की कोशिश, नाबालिग बेटे को अगवा कर भागा

Ranchi: राजधानी रांची के पॉश इलाके अरगोड़ा से घरेलू हिंसा और बेरहमी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. अरगोड़ा थाना क्षेत्र...

Ranchi
सांकेतिक तस्वीर

Ranchi: राजधानी रांची के पॉश इलाके अरगोड़ा से घरेलू हिंसा और बेरहमी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. अरगोड़ा थाना क्षेत्र के पर्ल आर्किड अपार्टमेंट में रहने वाली मनीषा शर्मा ने अपने पति कृष्णा कुमार, जो मर्चेंट नेवी में अफसर हैं, के खिलाफ जानलेवा हमला करने और अपने नाबालिग बेटे को जबरन अपने साथ ले जाने का गंभीर आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है. पीड़िता मनीषा शर्मा ने पुलिस को दिए आवेदन में अपने ऊपर हुए जुल्म की जो दास्तान सुनाई है, वह रूह कंपा देने वाली है.

31 मई की रात को पार की हैवानियत की हदें

दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, यह खौफनाक वारदात 31 मई की है. मनीषा ने बताया कि उस दिन उनके पति कृष्णा कुमार ने अचानक उन पर हमला कर दिया. आरोपी ने पहले उन्हें चप्पलों से बुरी तरह पीटा और फिर उनका गला घोंटकर जान से मारने का प्रयास किया. इतने से भी जब आरोपी का मन नहीं भरा, तो उसने घर में रखे एक भारी वस्तु से मनीषा पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. इस हमले के कारण मनीषा को गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं.

गंभीर बीमारी के बावजूद तरस नहीं आया

पीड़िता ने बताया कि वह पहले से ही थायराइड और शरीर में विटामिन की भारी कमी जैसी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही हैं और काफी कमजोर हैं. उनके पति को इस बात की पूरी जानकारी थी, इसके बावजूद उसने मनीषा की शारीरिक स्थिति पर जरा भी तरस नहीं खाई और उस पर जानलेवा हमला किया. जब कृष्णा कुमार अपनी पत्नी की जान लेने पर आमादा था, तब उनके नाबालिग बेटे ने बीच-बचाव किया. बेटे के विरोध के कारण मनीषा की जान तो बच गई, लेकिन इसके बाद आरोपी पति घर में रखे सभी जरूरी दस्तावेज और अपने नाबालिग बेटे को जबरन अपने साथ लेकर मौके से फरार हो गया.

विवाह के बाद से ही प्रताड़ना, माता-पिता पर झूठा केस करने का था दबाव

मनीषा शर्मा ने पुलिस को बताया कि शादी के बाद से ही उनका पति उन्हें लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता आ रहा है. इस हालिया विवाद के पीछे की वजह भी बेहद चौंकाने वाली है, आरोप है कि कृष्णा कुमार अपनी पत्नी मनीषा पर लगातार यह दबाव बना रहा था कि वह कृष्णा के अपने ही माता-पिता (यानी मनीषा के सास-ससुर) पर कोई झूठा मुकदमा दर्ज कराए. जब मनीषा ने इस गलत काम को करने से साफ इनकार कर दिया, तो गुस्से में आकर आरोपी पति ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे डाला. पीड़िता की शिकायत पर रांची के अरगोड़ा थाने में आरोपी मर्चेंट नेवी अफसर कृष्णा कुमार के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल कराया है और मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी पति की गिरफ्तारी और बच्चे की बरामदगी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है.

यह भी पढ़ें: मानसून से पहले अलर्ट मोड में रांची नगर निगम, जल जमाव वाले इलाकों पर रहेगी विशेष नजर

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *