Ranchi: आगामी मानसून को देखते हुए रांची नगर निगम ने शहर को जलजमाव मुक्त रखने के लिए तैयारियां तेज कर दी है. आज नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें शहर के संवेदनशील और जलजमाव प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का विस्तृत आकलन किया गया. बैठक में अधिकारियों ने बताया कि बारिश के दौरान होने वाली समस्याओं को कम करने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है. इसके तहत जगतपुरम कॉलोनी, टिंबर लेन, सेवा सदन क्षेत्र, एराम मस्जिद इलाका, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स एवं गुरु नानक स्कूल के आसपास का क्षेत्र, साकेत बिहार, कटहल कोचा, कुम्हार टोली, पंचशील नगर, हलदर प्रेस गली, वाईएमसीए क्षेत्र, मौलाना आजाद कॉलोनी तथा गौस नगर-कांटाटोली समेत कई संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी.

विश्व पर्यावरण दिवस पर व्यापक पौधारोपण अभियान
नगर आयुक्त ने अभियंत्रण शाखा को निर्देश दिया कि तकनीकी समिति सभी चिन्हित क्षेत्रों का स्थल निरीक्षण कर जल निकासी व्यवस्था, नालियों की स्थिति, आउटलेट और अन्य तकनीकी पहलुओं का गहन मूल्यांकन करे. साथ ही बरसात शुरू होने से पहले सभी आवश्यक सुधारात्मक और निवारक उपायों को पूरा करने का निर्देश दिया गया. बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर रांची नगर निगम द्वारा शहरभर में व्यापक पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा. इस अभियान के तहत जयपाल सिंह स्टेडियम, जगन्नाथपुर तालाब, नर्सरी तालाब, सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस (जगन्नाथपुर) सहित विभिन्न स्थानों पर पौधे लगाए जाएंगे. वहीं, सभी वार्ड पार्षद अपने-अपने वार्डों में कम से कम 50 पौधों का रोपण कर हरियाली बढ़ाने में योगदान देंगे.
