Giridih: जिले के जमुआ प्रखंड स्थित जलीय सूर्य मंदिर तालाब में रहस्यमयी परिस्थितियों में सैकड़ों मछलियों, सांपों, मेढ़कों और अन्य जलीय जीवों की मौत से इलाके में हड़कंप मच गया है. गुरुवार सुबह जब ग्रामीणों ने तालाब में बड़ी संख्या में मृत जीवों को तैरते देखा तो मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई. स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई सामान्य घटना नहीं है. एक साथ इतने बड़े पैमाने पर जीवों की मौत ने तालाब में जहरीला पदार्थ डाले जाने या गंभीर प्रदूषण की आशंका को जन्म दिया है. कुछ पक्षियों के भी मृत पाए जाने की सूचना ने मामले को और गंभीर बना दिया है.

सूर्य मंदिर समिति ने बुलाई आपात बैठक
घटना की गंभीरता को देखते हुए सूर्य मंदिर समिति ने तुरंत आपात बैठक बुलाई. बैठक में पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की वैज्ञानिक जांच कराने की मांग की. लोगों ने कहा कि पानी और मृत जीवों के नमूनों की लैब जांच होनी चाहिए, ताकि वास्तविक कारण सामने आ सके.
प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग
ग्रामीणों ने मांग की है कि तालाब की तुरंत सफाई कराई जाए और दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाए. साथ ही चेतावनी दी है कि अगर निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे. एक ही समय में सैकड़ों जलीय जीवों की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. आखिर तालाब में ऐसा क्या हुआ कि पूरा पारिस्थितिक तंत्र प्रभावित हो गया. अब सभी की नजर प्रशासनिक जांच और उसके निष्कर्ष पर टिकी है. प्रशासन से उम्मीद की जा रही है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जल्द ही जांच टीम गठित कर वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा.
ALSO READ: BREAKING : बोकारो रेलवे ट्रैक से तीन युवकों का शव GRP ने बरामद किया
