Giridih : जिला के जमुआ थाना क्षेत्र के तीन महुआ गांव में बीते शाम दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प और पथराव की घटना हुई. जानकारी के अनुसार 31 मई को गांव में प्रतिबंधित पशु का सर मिलने की घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल था. इसी मामले को लेकर बुधवार देर शाम दोनों पक्ष आमने सामने आ गए. जिसके बाद पथराव शुरू हो गया.

पुलिस पर भी पथराव
घटना की सूचना मिलते ही जमुआ थाना पुलिस मौके के लिए रवाना हुई. लेकिन रास्ते में मौजूद भीड़ ने पुलिस टीम पर भी पथराव किया. इस दौरान दो चौकीदारों को मामूली चोटें आयी. हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया और किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है. घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.
अतिरिक्त बल तैनात
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कई थानों की पुलिस बल को तैनात किया गया है. क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है. प्रशासन ने लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाएं रखने की अपील की है.
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और घटना में शामिल लोगों की पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है.
ALSO READ : BREAKING : बोकारो रेलवे ट्रैक से तीन युवकों का शव GRP ने बरामद किया
