Bokaro : डीवीसी रिजर्वायर में डूबने से 15 वर्षीय किशोर दीपक कुमार यादव की मौत हो गयी. घटना चंद्रपुरा प्रखंड अंतर्गत झरनाडीह के समीप गुरुवार सुबह की है. घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, दीपक गुरुवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे अपने दो दोस्तों के साथ कुश्ती का प्रैक्टिस करने के बाद रिजर्वायर में नहाने गया था. नहाने के दौरान उसका एक दोस्त अचानक गहरे पानी में डूबने लगा. दोस्त को संकट में देख दीपक ने मुस्तैदी दिखाई और उसे बचाने के लिए रिजर्वायर में कूद गया.

दोस्तों ने किया दीपक को बचाने का प्रयास
दीपक का दोस्त किसी तरह सुरक्षित पानी से बाहर आ गया. लेकिन दीपक खुद को संभाल नहीं पाया और गहरे पानी की चपेट में आ गया. दीपक को डूबता देख उसके दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया. लेकिन पानी गहरा होने के कारण वे असमर्थ रहे. दोस्तों ने तुरंत भागकर खटाल के लोगों को घटना की जानकारी दी. जब तक स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंचते दीपक पूरी तरह डूब चुका था.काफी मशक्कत और खोजबीन के बाद स्थानीय लोगों ने दीपक को पानी से बाहर निकाला और आनन फानन में डीवीसी अस्पताल ले गए. हालांकि, वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना की सूचना मिलते ही चंद्रपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुट गई है. बताया जाता है कि मृतक के पिता मिलटन यादव स्थानीय व्यवसायी हैं. इकलौते पुत्र की इस तरह अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
ALSO READ : 8.565 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, मुख्य आरोपी राजू राय फरार
