Hazaribagh: उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में नगर निगम से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा हेतु उनके आवासीय कार्यालय में एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई. इस बैठक में उपायुक्त द्वारा पिछले दिनों किए गए नगर भ्रमण के दौरान संज्ञान में आए विभिन्न नागरिक मुद्दों और तकनीकी समस्याओं पर संबंधित पदाधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई तथा उनके त्वरित निष्पादन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. बैठक में मुख्य रूप से नगर आयुक्त ओम प्रकाश गुप्ता और सदर अनुमंडल पदाधिकारी आदित्य पांडेय सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे.

जल निकासी और बिजली व्यवस्था दुरुस्त होने पर ही पास होगा नक्शा
बैठक के दौरान उपायुक्त ने सदर प्रखंड अंतर्गत लाखे मजार के समीप लंबे समय से बनी जल जमाव की गंभीर समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए टाउन प्लानर को इसके स्थायी समाधान हेतु अविलंब प्रारंभिक परियोजना रिपोर्ट तैयार करने का सख्त निर्देश दिया. इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट निर्देश जारी किया कि शहर में किसी भी नए भवन का नक्शा तब तक स्वीकृत नहीं किया जाए, जब तक कि उस परियोजना में व्यवस्थित जल निकासी की व्यवस्था, बिजली आपूर्ति का सुचारू माध्यम तथा भूमि संबंधी सभी आवश्यक और वैध विवरण उपलब्ध न हों.
होल्डिंग टैक्स वसूली और स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा
उपायुक्त ने नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत होल्डिंग टैक्स वसूली की वर्तमान स्थिति की गहन समीक्षा की और सभी टैक्स कलेक्टरों के कार्यों का बिंदुवार आकलन किया. उन्होंने अधिकारियों को होल्डिंग टैक्स संग्रहण में पूरी गंभीरता बरतने तथा क्षेत्र में शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. इसके साथ ही उन्होंने सहायक नगर आयुक्त को शहर की साफ-सफाई एवं कचरा निस्तारण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु नियमित कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
ALSO READ: दिल्ली के होटल में भीषण आग: टाटा कंपनी में इंटरव्यू देने गई बोकारो की बेटी सुरभि की दर्दनाक मौत
अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने के निर्देश
बैठक में उपायुक्त ने शहरी पेयजलापूर्ति योजना एवं सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट की वर्तमान स्थिति की भी समीक्षा की तथा संबंधित कार्यदायी एजेंसियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. इसके अलावा सिटी मैनेजर के कार्यों की समीक्षा करते हुए विभिन्न विकासात्मक एवं प्रशासनिक गतिविधियों की प्रगति का जायजा लिया गया. शहर की सड़कों को जाम मुक्त और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से उपायुक्त ने मुख्य मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त करने के लिए नियमित रूप से ‘अतिक्रमण हटाओ अभियान’ चलाने का निर्देश दिया. उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए नागरिकों को बेहतर शहरी सेवाएं उपलब्ध कराने की हिदायत दी.
