Plane lands safely in Delhi: मंगलवार को एअर इंडिया की फुकेत (थाईलैंड) से दिल्ली आ रही उड़ान एआई2379 को कुछ समय के लिए तेज हवा के झटकों (टर्बुलेंस) का सामना करना पड़ा. इस दौरान विमान की ऊंचाई में थोड़े समय के लिए बदलाव हुआ. एयरलाइन के प्रवक्ता ने यह जानकारी दी. एयरलाइन के प्रवक्ता के अनुसार, विमान दिल्ली में सुरक्षित उतर गया. सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित विमान से बाहर निकल गए. एअर इंडिया ने कहा कि फिलहाल किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है. प्रवक्ता ने बताया कि कुछ यात्रियों और चालक दल के कुछ सदस्यों को मामूली चोटें आई हैं. एहतियात के तौर पर उन्हें मेडिकल जांच और इलाज के लिए हवाई अड्डे के चिकित्सा केंद्र ले जाया गया है. एअर इंडिया की हवाई अड्डे की टीम और मेडिकल कर्मचारी उनकी देखभाल कर रहे हैं.

‘जांच में संबंधित अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग किया जा रहा’
एअर इंडिया ने कहा कि यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा और उनका स्वास्थ्य हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है. प्रभावित लोगों को हर जरूरी मदद दी जा रही है. साथ ही इस मामले की जांच में संबंधित अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग किया जा रहा है.


