Ramgarh: झारखंड आंदोलन के प्रणेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि के अवसर पर उनके पैतृक गांव नेमरा में एक भव्य श्रद्धांजलि सभा सह विकास मेले का आयोजन किया गया. इस भावुक एवं ऐतिहासिक मौके पर गांव में स्थापित दिशोम गुरु की आदमकद प्रतिमा का सीएम हेमंत सोरेन के द्वारा अनावरण किया गया. कार्यक्रम में झारखंड सरकार के मंत्रिमंडल के सदस्य, कई प्रमुख विधायक और भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण व समर्थक शामिल हुए. सभी ने दिशोम गुरु के चित्र एवं प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया.


मुख्यमंत्री व मंत्रियों की गरिमामयी उपस्थिति
प्रतिमा अनावरण और श्रद्धांजलि कार्यक्रम में राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन विशेष रूप से कल्पना सोरेन उपस्थित रही. इसके अलावा झारखंड सरकार के कई प्रमुख मंत्रियों और नेताओं ने शिरकत की जिनमें ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडे सिंह, कृषि मंत्री शिल्पा नेहा तिर्की, वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर, मंत्री योगेंद्र महतो एवं संजय यादव, विधायक अनूप सिंह, ममता देवी, अमित महतो, उमाकांत रजक समेत कई अन्य नेता उपस्थित रहे.

विकास मेला और श्रद्धांजलि सभा
प्रतिमा अनावरण के पश्चात आयोजित श्रद्धांजलि सभा सह विकास मेले में राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई. वक्ताओं ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने जीवन भर जल, जंगल और जमीन की रक्षा तथा शोषित-वंचित समाज के अधिकारों के लिए संघर्ष किया. उनके विचार और उनके द्वारा दिखाए गए मार्ग हमेशा राज्य के विकास की दिशा तय करते रहेंगे.

ALSO READ : कोडरमा: चंदवारा प्रखंड कार्यालय में आवेदकों के बीच लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस का वितरण

