Chatra: जिले की संघरी घाटी में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में कोयला लादकर जा रहे एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र के शिवाडी निवासी 40 वर्षीय महेंद्र प्रसाद महतो के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, महेंद्र प्रसाद महतो एनटीपीसी क्षेत्र से कोयला चुनकर उसे बाइक पर लादकर चतरा बेचने आ रहे थे. इसी दौरान संघरी घाटी में एक अज्ञात भारी वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी.

मौके पर हुई मौत, बाइक के उड़े परखच्चे
हादसा इतना भीषण था कि महेंद्र प्रसाद महतो की मौके पर ही मौत हो गई. टक्कर के बाद बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. घटना के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई. मृतक अपने परिवार का भरण-पोषण कोयला बेचकर करते थे. उनकी मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. बताया जा रहा है कि उनके दो स्कूली बच्चे हैं, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया.
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना प्रभारी अवधेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया है. हादसे के बाद परिजनों ने प्रशासन से उचित मुआवजा देने और भारी वाहनों के लिए अलग मार्ग की व्यवस्था करने की मांग की है. वहीं पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और उसकी तलाश में जुटी हुई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि संघरी घाटी में भारी वाहनों की आवाजाही के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं. ऐसे में सड़क सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है.
