Giridih: जिला के बगोदर विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय जननेता, संघर्षशील आंदोलनकारी और गरीबों की आवाज माने जाने वाले शहीद राजेश मंडल की 11वीं शहादत दिवस गुरुवार को उनके पैतृक आवास छोटकी सरिया में श्रद्धा, सम्मान और भावपूर्ण वातावरण के बीच मनाई गई. इस अवसर पर क्षेत्र के हजारों लोगों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, राजनीतिक दलों के नेताओं और समर्थकों ने एकत्र होकर शहीद राजेश मंडल को श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके संघर्षमय जीवन और जनसेवा के प्रति समर्पण को याद किया.

शहादत दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री एवं भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने शहीद राजेश मंडल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. उनके साथ भाजपा जिला उपाध्यक्ष एवं शहीद राजेश मंडल की धर्मपत्नी रजनी कौर समेत कई गणमान्य लोगों ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए.
“गरीबों और वंचितों की आवाज थे राजेश मंडल, उनका संघर्ष युवाओं के लिए प्रेरणा”
अपने संबोधन में बाबूलाल मरांडी ने कहा कि शहीद राजेश मंडल केवल एक व्यक्ति नहीं बल्कि जनसंघर्ष और सामाजिक न्याय की एक सशक्त पहचान थे. उन्होंने कहा कि राजेश मंडल ने अपना पूरा जीवन गरीबों, शोषितों, दलितों और वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई के लिए समर्पित कर दिया था. वे अन्याय, गुंडागर्दी, भ्रष्टाचार, चोरी-डकैती और पुलिसिया अत्याचार के खिलाफ हमेशा मुखर होकर आवाज उठाते रहे.
बलिदान भुलाया नहीं जा सकता
मरांडी ने कहा कि समाज में जब भी किसी गरीब या असहाय व्यक्ति के साथ अन्याय होता था, तब राजेश मंडल सबसे पहले उसके समर्थन में खड़े दिखाई देते थे. यही कारण है कि आज भी लोगों के दिलों में उनके प्रति गहरा सम्मान और अपनापन देखने को मिलता है. उन्होंने कहा कि ऐसे जननेता का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता और आने वाली पीढ़ियां उनके संघर्ष और विचारों से प्रेरणा लेती रहेंगी.
उन्होंने युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि आज के समय में समाज को ऐसे ही साहसी, ईमानदार और संघर्षशील युवाओं की आवश्यकता है, जो समाज और राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए जनसेवा के कार्यों में आगे आएं. उन्होंने कहा कि राजेश मंडल का जीवन युवाओं को यह संदेश देता है कि यदि संकल्प मजबूत हो तो सामाजिक बदलाव की दिशा में बड़ी भूमिका निभाई जा सकती है.
उनके संघर्षों को याद किया
शहादत दिवस समारोह के दौरान उपस्थित वक्ताओं ने भी राजेश मंडल के जीवन, उनके सामाजिक योगदान और क्षेत्र के विकास के लिए किए गए संघर्षों को याद किया. वक्ताओं ने कहा कि राजेश मंडल ने अपने जीवनकाल में हमेशा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों की चिंता की और उनके अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष किया. यही वजह है कि उनकी शहादत के 11 वर्ष बाद भी लोगों के दिलों में उनके प्रति सम्मान और श्रद्धा कम नहीं हुई है.
ये लोग शामिल रहें
कार्यक्रम में भाजपा, झामुमो और अन्य सामाजिक संगठनों के कई प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया. कोडरमा निवासी बिनोद विश्वकर्मा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष देवनाथ राणा, झामुमो जिला उपाध्यक्ष त्रिभुवन मंडल, भाजपा जिला मंत्री लक्ष्मण दास, आशीष बॉर्डर, हरिहर मंडल, सांसद प्रतिनिधि बिनोद यादव, वरिष्ठ भाजपा नेता बबलू मंडल, अलीमुद्दीन अंसारी, जसीमुद्दीन अंसारी, सलीम अंसारी, नेहरू मंडल, प्रयाग मंडल, केदार सिंह, प्रहलाद सिंह, राजकुमार मंडल तथा माले नेता केदार मंडल सहित विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे.
उनका जीवन प्रेरणादायक
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा सरिया मंडल अध्यक्ष मनीष मंडल ने की, जबकि संचालन सरिया खुर्द के पूर्व मुखिया बालगोविंद मंडल ने किया. दोनों ने अपने संबोधन में शहीद राजेश मंडल के संघर्षों को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन समाज के लिए एक प्रेरणादायक अध्याय है. उन्होंने कहा कि राजेश मंडल ने अपने सिद्धांतों और जनता के हितों के लिए कभी समझौता नहीं किया और अंतिम समय तक लोगों के अधिकारों के लिए संघर्षरत रहे.
दिलों में जीवित आज भी
शहादत दिवस समारोह में सैकड़ों की संख्या में पहुंचे समर्थकों और आम लोगों की उपस्थिति ने यह साबित कर दिया कि राजेश मंडल आज भी क्षेत्र की जनता के दिलों में जीवित हैं. लोगों ने एक स्वर में कहा कि उनके संघर्ष, त्याग और बलिदान को हमेशा याद रखा जाएगा तथा उनके सपनों के समाज के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे. शहीद राजेश मंडल की 11वीं शहादत दिवस पर आयोजित यह समारोह उनके प्रति जनता के अटूट सम्मान और प्रेम का प्रतीक बनकर सामने आया.
AlsoRead:सिमडेगा: JMM का कार्यकर्ता सम्मेलन, मतदाता सूची पुनरीक्षण पर जोर
