Bokaro: गुरुवार को उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी अजय नाथ झा ने जिले में संचालित सभी होटल एवं गेस्ट हाउसों की विस्तृत जांच करने का निर्देश दिया है. नई दिल्ली में हाल ही में हुई होटल अग्निकांड की गंभीर घटना के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है. उक्त घटना में बोकारो जिले बेरमो अनुमंडल अंतर्गत जरीडीह थाना क्षेत्र की एक युवती की भी मृत्यु होने की सूचना प्राप्त हुई है.

होटल एवं गेस्ट हाउसों का निर्धारित मानकों के अनुरूप जांच करने का निर्देश
उपायुक्त ने अनुमंडल पदाधिकारी चास एवं अनुमंडल पदाधिकारी बेरमो (तेनुघाट) को पत्र जारी कर जिले में संचालित होटल एवं गेस्ट हाउसों की राष्ट्रीय भवन संहिता (एनबीसी) के तहत निर्धारित मानकों के अनुरूप जांच करने का निर्देश दिया है. जांच के क्रम में यह सुनिश्चित किया जाएगा कि संबंधित होटल एवं गेस्ट हाउस निर्धारित भवन मानकों के अनुरूप संचालित हैं अथवा नहीं. साथ ही यह भी देखा जाएगा कि कहीं आवासीय भवनों को परिवर्तित कर होटल अथवा गेस्ट हाउस के रूप में संचालित तो नहीं किया जा रहा है.
एनओसी, लाइसेंस एवं भवन उपयोग की होगी जांच
उपायुक्त ने निर्देश दिया है कि होटल एवं गेस्ट हाउसों द्वारा प्राप्त अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी), लाइसेंस की वैधता, स्वीकृत कमरों की संख्या, एनओसी निर्गत होने एवं उसकी समाप्ति तिथि की भी जांच की जाए. इसके अतिरिक्त भवन के बेसमेंट अथवा तहखाने का उपयोग निर्धारित उद्देश्य के अनुरूप हो रहा है अथवा नहीं, इसकी भी समीक्षा की जाएगी.
अग्नि सुरक्षा उपकरणों एवं आपात निकास व्यवस्था का होगा सत्यापन
जांच के दौरान प्रत्येक मंजिल एवं गलियारे में धुआं एवं ताप संवेदक (स्मोक एवं हीट डिटेक्टर) की उपलब्धता एवं कार्यशीलता का सत्यापन किया जाएगा. साथ ही यह भी देखा जाएगा कि संबंधित प्रतिष्ठान ऐसे स्थान पर तो संचालित नहीं हैं, जहां अग्निशमन वाहनों के पहुंचने में कठिनाई हो. होटल एवं गेस्ट हाउसों में प्रवेश एवं निकास के लिए पृथक एवं पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध है अथवा नहीं, इसकी भी जांच की जाएगी. अग्नि सुरक्षा से संबंधित सभी मानकों के अनुपालन की समीक्षा कर आवश्यक प्रतिवेदन तैयार किया जाएगा. उपायुक्त ने सभी जांच प्रतिवेदन 15 दिनों के भीतर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है. इस कार्य में अग्निशमन विभाग बोकारो, चास एवं तेनुघाट आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे.
साथ ही, अपर नगर आयुक्त, चास नगर निगम, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद फुसरो तथा जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को भी अपने-अपने क्षेत्राधिकार में संचालित होटल एवं गेस्ट हाउसों की जांच कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है. इससे जिले में संचालित आवासीय प्रतिष्ठानों में सुरक्षा मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित किया जा सकेगा.
युवती की मौत पर उपायुक्त ने जताई संवेदना
उपायुक्त अजय नाथ झा ने नई दिल्ली में हुई होटल अग्निकांड की घटना में जिले के जैनामोड़ निवासी सुरभि कुमारी की असामयिक मृत्यु पर संवेदना व्यक्त की. उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी सहानुभूति प्रकट करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति एवं परिजनों को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की कामना की है.
यह भी पढ़ें: News Wave की खबर का असर: डीसी आलोक कुमार के निर्देश पर तीन खराब चापाकलों की हुई मरम्मत
